राँची में B.Tech छात्र की मौत पर सस्पेंस गहराया, फांसी से एक दिन पहले आया था मैसेज-मनीष को बचाना है तो बचा लीजिए

-नामकुम में झारखण्ड राय यूनिवर्सिटी के छात्र की मौत के मामले में नया मोड़, पिता ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई; कमरे में टूटी टेबल और गले में रस्सी मिलने पर जताया संदेह

राँची। राजधानी राँची के नामकुम थाना क्षेत्र स्थित राजाउलातू डाबर टोली में झारखण्ड राय यूनिवर्सिटी के B.Tech छात्र मनीष कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले ने नया मोड़ ले लिया है। बुधवार को छात्र का शव कमरे में पंखे से रस्सी के सहारे लटका मिला था। शुरुआती तौर पर इसे आत्महत्या का मामला माना जा रहा था, लेकिन अब मृतक के पिता ने बेटे की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने की आशंका जताते हुए नामकुम थाना प्राथमिकी दर्ज कराई है। घटना से जुड़े कई सवालों के बीच पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

मृतक मनीष कुमार हजारीबाग जिले के पेटो गांव निवासी हुसैनी साव का 20 वर्षीय इकलौता बेटा था। वह झारखण्ड राय यूनिवर्सिटी में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के पांचवें सेमेस्टर का छात्र था और विश्वविद्यालय के पास किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रहा था। इकलौते बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

मौत से एक दिन पहले आया था संदिग्ध मैसेज
मनीष के पिता हुसैनी साव के अनुसार, घटना से एक दिन पहले मंगलवार को उनके परिवार के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए एक संदेश आया था। संदेश में लिखा था, ‘मनीष को बचाना है तो बचा लीजिए।’ पिता का दावा है कि संदेश भेजने के कुछ देर बाद उसे डिलीट कर दिया गया। इस संदेश ने बेटे की मौत को लेकर परिवार की आशंकाएं और बढ़ा दी हैं।पिता ने प्राथमिकी में बताया कि बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे उनके मोबाइल पर एक व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आशुतोष बताया और मनीष के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना दी। सूचना मिलने के बाद परिजन राजाउलातू डाबर टोली स्थित उसके कमरे पर पहुंचे।

कमरे में लटका मिला शव, पास में टूटी थी टेबल
परिजनों के मुताबिक, कमरे में मनीष का शव पंखे से रस्सी के सहारे लटका हुआ था। उसके गले में रस्सी बंधी थी और पास में एक टूटी हुई टेबल भी पड़ी थी। इन परिस्थितियों को देखते हुए पिता ने आशंका जताई कि उनके बेटे की हत्या करने के बाद घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।

कमरे से बदबू आने पर खुला मामला
बताया जाता है कि बुधवार सुबह कमरे से बदबू आने पर आसपास रहने वाले अन्य किरायेदारों को संदेह हुआ। कमरा अंदर से बंद था। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर मनीष का शव पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल की।पुलिस ने मृतक की स्मार्टवॉच और मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। पुलिस के अनुसार, शव दो से तीन दिन पुराना होने की आशंका है, जिसके कारण कमरे से बदबू आ रही थी।

मैसेज किसने भेजा, मौत कैसे हुई—जांच में जुटी पुलिस
मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि मनीष की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसके परिवार को मौत से एक दिन पहले कथित तौर पर संदेश भेजने के पीछे किसका हाथ था। पुलिस मोबाइल फोन सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। फिलहाल मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। हत्या के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

error: Content is protected !!