रेलवे सुरक्षा की कमान अब जितेंद्र कुमार के हाथ, 1 नवंबर से संभालेंगे RPF के डीजी का पदभार
–1993 बैच के बिहार कैडर के IPS अधिकारी की केंद्र में अहम तैनाती, करोड़ों रेल यात्रियों की सुरक्षा की होगी जिम्मेदारी
राँची। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को जल्द ही नया महानिदेशक मिलने जा रहा है। केंद्र सरकार ने बिहार कैडर के 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार को आरपीएफ का नया महानिदेशक नियुक्त किया है। इस संबंध में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) की ओर से आधिकारिक अधिसूचना जारी की गई है। मौजूदा महानिदेशक सोनाली मिश्रा 31 अक्टूबर को सेवानिवृत्त होंगी। इसके बाद जितेंद्र कुमार के 1 नवंबर से पदभार संभालने की संभावना है।
बिहार से केंद्र तक अहम जिम्मेदारी
जितेंद्र कुमार फिलहाल बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (BSAP) के महानिदेशक और केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब उन्हें रेलवे सुरक्षा बल की कमान सौंपी गई है। नई जिम्मेदारी के तहत उन्हें देशभर में फैले विशाल रेल नेटवर्क, रेलवे परिसरों और ट्रेनों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के साथ रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की चुनौती मिलेगी। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने के लिए बिहार सरकार की ओर से उन्हें विरमित करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
प्रशासनिक अनुभव का मिलेगा लाभ
जितेंद्र कुमार को प्रशासनिक अनुभव और कानून-व्यवस्था के मामलों में प्रभावी कार्यशैली के लिए जाना जाता है। उनकी नई नियुक्ति को रेलवे सुरक्षा व्यवस्था के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रेलवे देश की जीवनरेखा है और प्रतिदिन करोड़ों यात्री ट्रेनों से सफर करते हैं। ऐसे में आरपीएफ के शीर्ष पद पर उनकी तैनाती से सुरक्षा व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों पर विशेष ध्यान रहने की उम्मीद है।
उनकी नियुक्ति से पुलिस और प्रशासनिक महकमे में भी चर्चा तेज है। अब सबकी नजर 1 नवंबर को होने वाले संभावित पदभार ग्रहण पर टिकी है।

