सिमडेगा पुलिस ने हत्याकांड का किया खुलासा, चार आरोपियों को किया गिरफ्तार

सिमडेगा, विकास साहू: सिमडेगा पुलिस ने बिरसा बड़ाईक हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। 17 फरवरी बिरसा बड़ाईक की अपराधियों ने हत्या कर दी थी। जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में थी। पुलिस ने इस मामले में जिन चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है उसमें योरेल टेटे, जोवाकिम डुंगडुंग, आशीष डुंगडुंग व सरदार टेटे शामिल हैं।सभी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। उन्होंने बताया कि विवाद के कारण उन्होंने बिरसा की हत्या की थी।

जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि बिरसा का कुछ दिनों पूर्व योरेल टेटे, जोवाकिम डुंगडुंग, आशीष डुंगडुंग व सरदार टेटे से विवाद हुआ था। उसी दौरान आरोपियों ने बिरसा की हत्या करने की धमकी दी थी। 17 फरवरी की रात चारों ने साजिश के तहत बिरसा के साथ शराब पी। इसके बाद उसकी गला दबाकर हत्या कर करीब 700 गज घसीटते हुए ले जाकर गड्ढ़े में शव फेंक दिया था।

कैसे हुआ मामले का खुलासा
बिरसा के शव पुलिस ने 18 फरवरी को झाड़ियों से भरे एक गड्ढे से बरामद किया था।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और फिर खुद मामले की छानबीन में जुट गयी। इस दौरान उसे अपराधियों के खिलाफ कुछ सबूत मिले जिसके आधार पर पुलिस ने योरेल टेटे को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने जब उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने हत्या में शामिल होने की बात कबूल ली।साथ ही उसने हत्या में शामिल अपने तीन साथियों के नाम भी पुलिस को बताये। जिसके बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही पर तीनों को गिरफ्तार किया।
