पलामू:जेएमपी कॉम्प्लेक्स परिसर में सुरक्षा गार्ड की गोली मारकर हत्या, इलाके में फैली सनसनी…जांच में जुटी है पुलिस…

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के मेदिनीनगर स्थित बाईपास रोड पर रविवार की देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से सनसनी फैल गई। JMP कॉम्प्लेक्स परिसर की सुरक्षा में तैनात 50 वर्षीय विनोद पांडे की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर नृशंस हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
घटनाक्रम के अनुसार, रात करीब 11 बजे एक अज्ञात युवक स्कूटी पर सवार होकर JMP परिसर पहुंचा। थोड़ी ही देर में उसने अपने दो अन्य साथियों को भी वहां बुला लिया। तीनों आरोपी कुछ देर तक बेखौफ होकर परिसर के भीतर घूमते रहे। इसके बाद उन्होंने सुरक्षा गार्ड विनोद पांडे को ज़बरदस्ती उठाया और घसीटते हुए मुख्य गेट के पास ले गए। वहाँ आरोपियों ने बेहद करीब से विनोद पांडे पर गोली चला दी, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है।
प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, बीते 15 जुलाई की रात JMP परिसर में एक जन्मदिन की पार्टी आयोजित की गई थी। उस पार्टी के दौरान मैनेजर सोनू सिंह और जटेश्वर मेहता के पुत्र कमलेश मेहता के साथ आए लोगों के बीच तीखी बहस और विवाद हुआ था। माना जा रहा है कि उसी विवाद और रंजिश का बदला लेने के लिए इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस रंजिश की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
हत्या की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और पूरे घटनास्थल को सील कर जांच शुरू कर दी। पुलिस परिसर और आसपास के रास्तों पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों और उनकी स्कूटी की पहचान की जा सके। पुलिस की अलग-अलग टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे मामले के हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच में जुटे हैं और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

