सरहुल महोत्सव 2022:दो साल बाद राजधानी की सड़कों पर सरहुल में झूमते नाचते गाते दिखे लोग,उत्साह में लोग कोरोना का दर्द भूल गए..

राँची।दो साल बाद राजधानी राँची की सड़कों पर सरहुल पर्व में थिरके लोग। सरहुल पर्व के मौके पर उत्साह में लोग कोरोना का दर्द भूल गए हैं। राँची की सड़कों पर बड़ी संख्या में झूमते नाचते गाते लोग दिखे,इसमें युवाओं की संख्या अधिक थी।पारंपरिक गीत संगीत पर नाचते गाते विभिन्न सरना समितियों के लोगों में उत्साह स्पष्ट बता रहा था कि कोरोना के कारण दो वर्ष से सरहुल नहीं मनाने का दर्द इस साल पूरा कर लेंगे।विभिन्न सरना स्थल से शोभायात्रा निकाली, जो अलबर्ट एक्का चौक पहुंची। अलबर्ट एक्का चौक पर शोभा यात्रा में शामिल लोगों के स्वागत में राजनीतिक कार्यकर्ता से लेकर विधायक और मेयर उपस्थित रहे।उसके बाद शोभायात्रा मेन रोड होते हुए सुजाता चौक से मुख्य सरना सरना स्थल सिरमटोली पहुँची।यहां पूजा पाठ के बाद नाचते गाते वापस हुए।

आदिवासी परंपरा से सराबोर यह त्योहार इस बार खास तरह से लोगों ने मनाया। सरहुल की शोभा यात्रा में शामिल महिलाओं और पुरुषों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर सरहुल की बधाई दी। मेयर आशा लकड़ा ने सरहुल की विशेषता बताते हुए लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सरहुल आदिवासी संस्कृति सभ्यता का प्रतीक पर्व है, जो लोगों को ना केवल आपसी भाईचारा, बल्कि प्रकृति को कैसे बचाकर रखा जाय इसका भी पैगाम देता है।

सरहुल के मौके पर लंबी दूरी तय कर राजधानी की सड़कों पर आने वाले आदिवासी भाई-बहनों की सेवा करने के लिए कई सामाजिक कार्यकर्ता आतुर दिखे।कैंप लगाकर कई संगठनों ने भी पानी, शरबत और चना का वितरण करते नजर आए सामाजिक कार्यकर्ता जुलूस में शामिल एक-एक लोगों को ठंडा पानी और शरबत की सुविधा उपलब्ध करवाते दिखे।

सरकार द्वारा जारी गाइडलाइंस हवा हवा

सरहुल के मौके पर निकली शोभायात्रा से लगा कि सरकार ने जो गाइडलाइंस बनाई थी वो हवा हवा हो गया।डीजे भी बजा,और 100 या 1000 वाली संख्या भी कई गुना में पार कर गया साथ ही निर्धारित समय सीमा तो कोई मायने ही नहीं रहा।लोगों में इतनी उत्साह और उमंग थी कि किसी को शायद ये याद भी नहीं रहा कि सरकार कोई गाइडलाइंस जारी किया है।देखा जाय तो बिल्कुल शांतिपूर्ण तरीके से उत्साह और उमंग के साथ सरहुल का त्योहार मनाया गया।वहीं राँची पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी थी।जगह जगह पर पुलिस तैनात थी।बड़े अधिकारी कंट्रोल रूम से पल पल की जानकारी ले रहे थे।