गिरिडीह:अवैध माइका खदान में चाल धँसने से चार लोगों की मौत की खबर है,पुलिस मौके पर पहुँची,छानबीन में जुटी है

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में अवैध माइका खदान में चाल धंसने की बड़ी घटना घटी है।बताया जा रहा है कि चार लोगों की मौत हो गयी है।ये घटना गांवा थाना इलाके के मुढगढवा जंगल में संचालित अवैध माइका खदान की है,जहां सोमवार की दोपहर को माइका निकालने के दौरान अचानक चाल धंस गयी। इसमें दबने से चार लोगों की मौत की सूचना है। हालांकि इस घटना में कुछ और लोगों के भी दबने की जानकारी मिल रही है।

इस दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है, वहीं घटना की सूचना मिलने के बाद गांवा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच कर मामले की छानबीन में जुट गयी है।

इधर स्थानीय लोगों की माने तो गांवा के धरवे नावाडीह की पहाड़ियों में दर्जनों बड़ी-बड़ी अवैध माइका खदान संचालित हैं और इन माइंस में हर दिन दर्जनों से अधिक जेसीबी मशीन, ट्रैक्टर व बड़ी संख्या में महिला, पुरुष व बच्चों को माइका चुनने के लिए काम में लगाया जाता है। इतना ही नहीं, अवैध माइका खदानों में जिलेटिन का प्रयोग कर विस्फोट भी किया जाता है।इधर,मिली जानकारी के अनुसार माइका माफियाओं के द्वारा कुछ शवों को दबा दिया गया है।