राँची के धुर्वा थाना क्षेत्र में फिर नाबालिग के साथ दुष्कर्म……

राँची।धुर्वा थाना क्षेत्र में नाबालिगों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार हो रही है।शनिवार को एक नाबालिग के साथ फिर दुष्कर्म की घटना हुई। घटना के तुरंत बाद परिजनों ने धुर्वा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई। हालांकि पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक गोलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। धुर्वा थाना प्रभारी विमला नंद सिन्हा ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं नाबालिग का मेडिकल कराया गया है। नाबालिग 14 साल की है। आरोपी भी वहीं रहता है जहां नाबालिग रहती है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी बालिग है और उसे रविवार को न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा।

बता दें धुर्वा थाना में दो अक्टूबर को भी सामूहिक दुष्कर्म की घटना हुई थी। आठवीं की एक छात्रा का अपहरण कर पांच युवकों ने उसे अपने साथ 20 घंटे तक रखा था और उसे दो जगहों पर ले जाकर दुष्कर्म किया था। इस मामले में धुर्वा थाना की पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। हालांकि एक 40 वर्षीय आरोपी अभी भी इस मामले में फरार है। पुलिस उसे अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।