Ranchi:नीतेश लाहा हत्याकांड मामले में भाई गिरफ्तार,भेजा गया जेल,माँ-जीजा फरार…

राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी निवासी नितेश लाहा की गला रेत कर हत्या के आरोपी विवेक लाहा उर्फ विक्की उर्फ बंटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। विवेक मृतक का भाई है।पुलिस ने उसे बुधवार को जेल भेज दिया है।

पुलिस में अनुसार नितेश और विवेक में संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। बंटवारे की बात को लेकर पिछले रविवार ( छठ पूजा के पहला अर्ध्य दिन) को मृतक और विवेक में झगड़ा हुआ था। झगड़े के बाद विवेक, उसकी माँ और विवेक के जीजा ने नितेश को मार डालने की योजना बनाई। नितेश के साथ मारपीट की गई और फिर उसका गेल रेत दिया गया।

नितेश की मौत के बाद सभी आरोपी घर में ताला बंद कर फरार हो गए। इधर नितेश की बहन ने पुलिस को सूचना दी कि नितेश लापता है। उसके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। इसके बाद पुलिस ने नितेश की खोजबीन शुरू की, जब नितेश की माँ के घर पुलिस पहुंची तो देखा कि घर में ताला लगा हुआ था।पुलिस ने ताला तोड़ा तो देखा कि नितेश का शव पड़ा हुआ है।

वहीं पुलिस ने इस मामले में आरोपी भाई विवेक को पकड़ लिया है। अन्य दोनों आरोपी फरार हैं।

पुलिस का कहना है कि 2021 में मृतक नितेश अपनी पत्नी की हत्या करने के बाद जेल गया था। नितेश ने दहेज के लिए पत्नी को मार डाला था।कुछ दिन पहले ही जेल से बाहर निकला है। नितेश के खिलाफ रंगदारी और अन्य मामले दर्ज हैं।लालपुर इलाके में कोई भी घर का निर्माण कराता था तो नितेश रंगदारी मांगने पहुंच जाता था।

पुलिस का कहना है कि विवेक ने पूछताछ में ज्यादा कुछ नहीं बताया है। अन्य दोनों आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस मामले में और जानकारी मिलेगी।पुलिस का कहना है कि घटना के बाद कई लोगों से पूछताछ की। पुलिस को जानकारी मिली है कि मृतक का अपने घर में किसी के साथ अच्छा संबंध नहीं था। नितेश अपने घर वालों के साथ मारपीट करता था।