Ranchi:बरियातू चांडिल मैदान के पास नशेडिय़ों ने दो को मारा चाकू,एक की स्थिति गंभीर रिम्स में चल रहा है इलाज,दो पर प्राथमिकी

राँची।राजधानी के बरियातू थाना क्षेत्र स्थित चांडिल मैदान में गांजा शराब पी रहे युवकों ने दो युवकों को चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। गंभीर रूप से घायलों का इलाज रिम्स में चल रहा है। इस संबंध में देशवाली टोला निवासी जोटो नायक ने दो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज हुई है उनमें चिरौंदी ब्रांबे आवास निवासी चंदन कुमार और रोहित कुमार शामिल है। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार आरोपी चंदन और रोहित तीन अगस्त को चांडिल मैदान के पास बैठकर गांजा व शराब पी रहे थे। उसी समय दिन के करीब दो बजे जोटो नायक का बेटा आशीष नायक (20) और पड़ोसी विजय नायक (35) मजदूरी करके वापस घर लौट रहा था। रास्ते में आरोपियों ने आशीष और विजय को रोका। फिर दोनों के साथ वे गाली गलौज करने लगे। दोनों के साथ पहले मारपीट की। फिर दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। आशीष चाकू से गंभीर रूप से घायल हो गया। विजय नायक किसी तरह उन लोगो के चंगुल से भाग कर जोटो नायक के घर पहुंचा और मामले की जानकारी दी। जानकारी मिलने पर जब उनका छोटा बेटा सोमासी नायक अपने भाई को बचाने के लिए गया तो उसे देख दोनों आरोपी स्कूटी से भाग निकले। फिर परिजनों ने गंभीर रूप से घायल आशीष व विजय को रिम्स पहुंचाया। दोनों का रिम्स में इलाज चल रहा है। डाक्टरों ने आशीष नायक की स्थिति गंभीर बताई है। इधर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।