Ranchi:एक व्यक्ति की लाठी-डंडे से पीटकर हत्या…दो आरोपी गिरफ्तार

राँची।जिले के मैकलुस्कीगंज थाना क्षेत्र के दुल्ली गांव में मंगलवार की देर शाम 60 वर्षीय शिबू मुंडा की लाठी-डंडे से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इस मामले में पुलिस दुल्ली गांव निवासी कृष्णा उरांव और नरेश मुंडा को जंगल से गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया। परिजनों के अनुसार, शिबू मुंडा मंगलवार की शाम तीन बजे किसी काम से पास की बस्ती में गए थे। शाम को घर लौटने के दौरान गांव के दो युवकों ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन घायल शिबू मुंडा को घर लेकर आए। उन्होंने परिजनों को आपबीती बताई और घर पर खाना खाकर वे सो गए, लेकिन गंभीर चोट के कारण सुबह वे मृत पाए गए।सूचना मिलते ही खलारी डीएसपी और मैकलुस्कीगंज थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे। मृतक के पुत्र सुरेंद्र मुंडा के लिखित बयान पर दुल्ली निवासी कृष्णा उरांव और नरेश मुंडा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पकड़े गए आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। दोनों ने बताया कि बातचीत के दौरान उनकी वृद्ध से बहस हो गई थी। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।छापेमारी टीम में थाना प्रभारी धनंजय बैठा, पुलिस अवर निरीक्षक बिरजू प्रसाद, डेगन कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

error: Content is protected !!