देवघर में जमीन अधिग्रहण को लेकर चले तीर-पत्थर, पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने,तीन पुलिसकर्मी घायल…
देवघर।झारखण्ड के देवघर जिले के जसीडीह थाना क्षेत्र के बाबूडीह गांव में जमीन अधिग्रहण को लेकर पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प हो गई, जिससे इलाके में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया।प्रशासन की ओर से जमीन को औद्योगिक उपयोग के लिए अधिग्रहित करने की प्रक्रिया चल रही थी।तभी कुछ ग्रामीणों ने इसका विरोध किया और स्थिति बिगड़ गई।घटना की जानकारी मिलते ही जिले के सभी वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बिगड़ते हालात को संभालने की कोशिश करने में जुट गए।इस संबंध में देवघर के अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि संबंधित जमीन का अधिग्रहण साल 1977 में ही सरकार द्वारा किया जा चुका था, उस समय जमीन के बदले मुआवजा भी दिया गया था। उन्होंने बताया कि तीन साल पहले इस जमीन को जियाडा (झारखण्ड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी) को हस्तांतरित कर दिया गया था। जियाडा इस जमीन पर उद्योग स्थापित करना चाहती है, जिससे क्षेत्र में विकास और रोजगार के अवसर बढ़ सके।
प्रशासन के मुताबिक, जमीन को औपचारिक रूप से जियाडा के कब्जे में देने की प्रक्रिया चल रही थी इसी दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते विरोध तेज हो गया और कुछ लोगों ने पुलिस पर तीर-धनुष और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए।घायल पुलिसकर्मियों को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वही स्थानीय लोगों का कहना है कि वे अपनी जमीन वापस चाहते हैं।इस मामले को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया था।हालांकि अदालत ने फैसला सरकार के पक्ष में सुनाया। इसके बावजूद भी कुछ लोग जमीन अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं।
घटना के बाद मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।प्रशासन ने लोगों को समझाने और स्थिति को शांत करने की कोशिश की।कुछ देर की अफरा-तफरी और तनाव के बाद हालात पर काबू पा लिया गया है।इसके बाद जमीन से संबंधित आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई।
वहीं प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले में कानून का पालन किया जा रहा है और विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों की नाराजगी को देखते हुए प्रशासन ने बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की बात भी कही है। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य बताई जा रही है लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।

