लातेहार पुलिस ने 50 हजार के इनामी उग्रवादी आदेश गंझू सहित 3 उग्रवादियों को किया गिरफ्तार
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के आधार पर बालूमाथ थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात टीएसपीसी उग्रवादी आदेश गंझू समेत तीन अपराधियों को मंगलवार की देर रात गिरफ्तार किया।गिरफ्तारी बनवार गांव के पाकरुआ जंगल क्षेत्र में की गई, जहां सभी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में जुटे थे। एसपी ने बुधवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बीती रात सूचना मिली थी कि आदेश गंझू अपने चार-पांच सहयोगियों के साथ क्षेत्र में आपराधिक वारदात की योजना बना रहा है।सूचना की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन अपराधियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार अपराधियों में आदेश गंझू (22 वर्ष), उज्जवल कुमार (22 वर्ष) और सुभाष कुमार (21 वर्ष) शामिल हैं। तीनों चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।पुलिस ने इनके पास से एक देशी पिस्तौल, एक देशी कट्टा, 7.65 एमएम की 10 जिंदा गोलियां, 25 अन्य जिंदा गोलियां, दो मोबाइल फोन, टीएसपीसी संगठन से संबंधित पर्चा व दस्तावेज, एक डायरी तथा दो स्पोर्ट्स बाइक (पल्सर एनएस एवं पल्सर आरएस) बरामद की है।
एसपी ने बताया कि आदेश गंझू बालूमाथ, बारियातू और चंदवा (लातेहार) के अलावा चतरा व अन्य जिलों में टीएसपीसी और जेजेएमपी संगठन के नाम पर लेवी वसूली, फायरिंग और अन्य आपराधिक घटनाओं में सक्रिय रहा है।उसके विरुद्ध जिले के विभिन्न थानों में कुल 21 मामले दर्ज हैं। पुलिस इस गिरफ्तारी को बड़ी सफलता मान रही है और अन्य फरार अपराधियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
छापामारी दल में बालूमाथ अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विनोद रवानी, बालूमाथ अंचल पुलिस निरीक्षक अशोक कुमार सिंह, बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान, बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेन्द्र कुमार, पुअनि अनुप कुमार अनुप कुमार, होसेन डांग, देवेन्द्र कुमार, अनुभव सिन्हा, धीरज कुमार सिंह व गौतम कुमार शामिल थे।

