नदी किनारे मिला युवती का शव,जांच में जुटी है पुलिस
खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत डोडमा गांव के पास फुलकू नदी के पास से बुधवार सुबह एक अज्ञात युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर तोरपा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जांच में युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, सुबह नदी किनारे शव दिखाई देने के बाद इसकी जानकारी तुरंत तोरपा पुलिस और उप प्रमुख को दी गई।सूचना मिलते ही उप प्रमुख संतोष, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश यादव और एसआई रोशन खाखा सशस्त्र बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे।पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी का कहना है कि युवती की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी शिनाख्त के लिए आसपास के गांव-टोला, मोहल्लों और नजदीकी थानों से संपर्क किया जा रहा है।साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि युवती नदी किनारे कैसे पहुंची और इस घटना में कौन-कौन शामिल हो सकता है।
थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में हत्या के संकेत मिले हैं, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। उन्होंने यह भी कहा कि रिपोर्ट के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि युवती के साथ दुष्कर्म की घटना हुई है या नहीं।फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी है और पहचान सामने आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

