धनबाद पुलिस ने प्रेम यादव हत्याकांड का किया खुलासा,पुरानी अदावत में की गई थी हत्या,तीन अपराधी गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में प्रेम यादव हत्याकांड का धनबाद पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया है। साथ ही पुलिस ने वारदात में शामिल तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इसकी पुष्टि धनबाद के सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने की है।
सिटी एसपी ने बताया कि बीते 18 नवंबर को झरिया के कतरास मोड़ के पास बाइक सवार अपराधियों ने बिहार निवासी प्रेम यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में मृतक के पिता द्वारा झरिया थाना में आवेदन दिया गया था। जिसपर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी।मामला दर्ज होने के बाद एसएसपी ने एक विशेष अनुसंधान टीम गठित की थी।
पुलिस टीम ने अनुसंधान के क्रम में कांड में संलिप्त दो अभियुक्तों रोहित सिंह और कुनाल कुमार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर से और एक अन्य अभियुक्त आकाश गोप को बिहार के वैशाली से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर पुलिस ने हत्याकांड में प्रयुक्त पिस्टल, एक देशी कट्टा, एक मैगजीन, 03 जिंदा गोली, मोटरसाइकिल और घटना के समय पहने हुए कपड़े बरामद कर लिया है।
सिटी एसपी ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर प्रेम यादव की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई थी। मृतक प्रेम यादव बिहार का रहने वाला था। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गए थे।
सिटी एसपी ने बताया कि उक्त घटना का मूल कारण प्रेम कुमार और अभियुक्तों के बीच पूर्व का विवाद था।उन्होंने बताया कि कांड के उद्भेदन में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों को उनके अच्छे कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाएगा।

