जमशेदपुर की छात्रा की रायगढ़ के जिंदल हॉस्टल में मिली लाश; B-Tech की छात्रा ने सुसाइड नोट में लिखा-सॉरी मम्मी-पापा…

 

जमशेदपुर/रायगढ़।छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जमशेदपुर की रहने वाली छात्रा ने हॉस्टल ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।रायगढ़ के जिंदल यूनिवर्सिटी में बी-टेक सेकेंड ईयर की छात्रा ने हॉस्टल के कमरे में फांसी लगा ली। छात्रा ने सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसमें सॉरी मम्मी पापा लिखा है।मामला पूंजीपथरा थाना क्षेत्र का है।

मामला रायगढ़ के पूंजीपथरा का है। झारखण्ड के जमशेदपुर की रहने वाली प्रिंसी कुमारी (20) जिंदल यूनिवर्सिटी में हॉस्टल में रहकर बी-टेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। शनिवार की रात तकरीबन साढ़े 8 बजे परिजनों ने कॉल किया, लेकिन प्रिंसी ने कॉल रिसीव नहीं किया।परिजनों के मुताबिक प्रिंसी को वह बार-बार कॉल कर रहे थे, लेकिन वह फोन नहीं उठा रही थी। ऐसे में प्रिंसी के परिजन घबरा गए। हॉस्टल में वार्डन को कॉल किया। वार्डन छात्रा के कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला।

इसके बाद वार्डन ने किसी तरह खिड़की से झांककर देखा। इस दौरान कमरे के अंदर प्रिंसी फांसी पर लटकती हुई दिखी। इससे वार्डन घबरा गई। हॉस्टल में मौजूद अन्य छात्राओं को जानकारी दी। इसके बाद फौरन पूंजीपथरा पुलिस को सूचना दी गई।जिंदल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में सुसाइड की खबर मिलते ही पूंजीपथरा थाना प्रभारी समेत पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे। कमरे में जा कर जांच की। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।

पुलिस को प्रिंसी के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला। प्रिंसी ने लिखा था कि “सॉरी मम्मी और पापा, मैं आपकी उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई। मैंने बहुत सारा पैसा खर्च कर दिया है। आपका सेविंग अकाउंट भी खाली हो रहा है। मैं पढ़ाई में भी अच्छी नहीं हूं। मम्मी-पापा सॉरी आप लोगों का नाम खराब कर रही हूं।”

परिजनों के मुताबिक प्रिंसी कुमारी ने बीच-बीच में अपने परिजनों से पैसे भी मांगे गए थे, जिसमें कुछ महीने पहले 50 हजार रुपए। इसके बाद 35 हजार और फिर 15 हजार रुपए सेमेस्टर फीस के नाम पर मांगे थे। परिजनों ने उसे रुपए भी दिए थे।

वहीं पूंजीपथरा पुलिस ने बताया कि छात्रा की लाश को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन डेडबॉडी लेकर झारखण्ड के जमशेदपुर के लिए निकल गए हैं। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। हर एंगल से सुसाइड केस की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!