राँची:गैंगस्टर प्रिंस खान गैंग के फरार गुर्गों पर पुलिस का वार, फरार राहुल राणा के फ्लैट पर ढोल बजाकर चस्पा किया इश्तेहार

राँची।राँची पुलिस ने कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए उसके फरार गुर्गे राणा राहुल सिंह उर्फ राहुल राणा को भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। शुक्रवार को एयरपोर्ट थाना प्रभारी पंकज शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लालपुर के नागराटोली स्थित शिव सदन अपार्टमेंट में राहुल राणा के फ्लैट पर ढोल बजाकर न्यायालय का इश्तेहार चस्पा किया।यह कार्रवाई न्यायिक आयुक्त सह विशेष न्यायाधीश अनिल कुमार मिश्रा के आदेश के अनुपालन में की गई। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में फ्लैट नंबर-101 के दरवाजे पर नोटिस चस्पा करते हुए आरोपी को 14 सितंबर 2026 को सुबह 10:30 बजे या उससे पहले अदालत में आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
न्यायालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित तिथि तक राहुल राणा के अदालत में पेश नहीं होने पर उसके खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत धारा 83 के अंतर्गत संपत्ति की कुर्की-जब्ती की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। इसके बाद उसे भगोड़ा घोषित करने की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी।
होटल टिटॉस हत्याकांड में बड़ा आरोपी
राहुल राणा का नाम एयरपोर्ट थाना क्षेत्र स्थित होटल टिटॉस में रंगदारी के लिए की गई हत्या के मामले में सामने आया है। इस मामले में कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान, मारे जा चुके गैंगस्टर सुजीत सिन्हा, राहुल राणा, कौशल पांडेय, गोडवीन खान समेत कई अन्य आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज है।शूटरों के बयान के आधार पर राहुल राणा को इस मामले में आरोपी बनाया गया है। गिरफ्तारी के डर से वह लंबे समय से फरार चल रहा है और राँची सिविल कोर्ट पहले ही उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर चुका है।
यूएपीए की धाराएं भी हुईं लागू
राँची पुलिस ने इस मामले में कोर्ट से गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) की धाराएं जोड़ने की अनुमति मांगी थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया। इसके बाद राहुल राणा, कौशल पांडेय समेत गिरोह के अन्य सदस्यों को यूएपीए के तहत भी आरोपी बनाया गया है।
इन गंभीर धाराओं में दर्ज है केस
राहुल राणा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), आर्म्स एक्ट और यूएपीए की कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है।
BNS: 103(1), 109(1), 61(2)(A), 111(2)(A), 111(3), 111(4), 111(6), 308(4), 351(3)
आर्म्स एक्ट: 25(1-A), 25(6), 26, 27(3), 35
UAPA: 16(A), 17, 18(B), 19 और 20
सुजीत सिन्हा एनकाउंटर के बाद तेज हुई कार्रवाई
करीब पांच दिन पहले झारखण्ड के कुख्यात गैंगस्टर और प्रिंस खान गिरोह के कथित मास्टरमाइंड सुजीत सिन्हा के एनकाउंटर के बाद पुलिस ने गिरोह के फरार सदस्यों पर दबाव और बढ़ा दिया है। पुलिस अब एक-एक कर गैंग के सक्रिय सदस्यों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर रही है। राहुल राणा के खिलाफ इश्तेहार चस्पा होना इसी अभियान का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

