राँची में ब्राउन शुगर के खिलाफ पुलिस का बड़ा एक्शन, फ्लाईओवर के नीचे चल रहा था नशे का कारोबार; दो तस्कर गिरफ्तार

राँची।राजधानी राँची में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने नागाबाबा खटाल स्थित फ्लाईओवर के नीचे ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 8.4 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, एसएसपी को सूचना मिली थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र के नागाबाबा खटाल के पास फ्लाईओवर के नीचे अवैध रूप से ब्राउन शुगर की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम जैसे ही मौके पर पहुंची, वहां मौजूद दो युवक भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर दोनों को दबोच लिया।
तलाशी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत कुमार वर्मा और कृष्णा कुमार वर्मा के रूप में हुई। जांच में रंजीत कुमार वर्मा के पास से 3.9 ग्राम और कृष्णा कुमार वर्मा के पास से 4.5 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की गई।
प्रारंभिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे हजारीबाग से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची लाते थे और कोतवाली थाना क्षेत्र के नागाबाबा खटाल इलाके में घूम-घूमकर इसकी बिक्री करते थे। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य तस्करों और सप्लाई चेन की कड़ियों को खंगाल रही है।
इस मामले में कोतवाली थाना कांड संख्या 165/26 (दिनांक 06 अगस्त 2026) के तहत एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध धंधे से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

