अवैध कोयला खनन के दौरान एक ही परिवार के पाँच लोग मलबे में दबे,चार लोगों की मौत

चित्तरंजन।झारखण्ड और पश्चिम बंगाल की सीमावर्ती इलाके में बुधवार को बड़ा हादसा हुआ। अवैध कोयले के खनन में लगे 5 लोग माइंस में गिरे मलबे में दब गए। इसमें से 4 लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हुआ है। घटना पश्चिम बंगाल के पांडवेश्वर में हुई है। मामले की जानकारी मिलने के बाद लौदोहा और पांडबेश्वर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर जेसीबी की मदद से पत्थरों को हटाया गया। इसके बाद कहीं जाकर शवों को बाहर निकालने का काम शुरू हो सका।

वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद कई जन प्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल के आसपास लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। इस सम्बंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि दुर्गापुर के फरीदपुर प्रखंड के मधाईचक OCP में लंबे समय से कोयले के अवैध खनन का कार्य चल रहा था। इसी दौरान माइंस के अंदर कोयले की चट्टान गिर गई। इसमें से 5 लोग फंस गए। इसमें से चार की मौत हो गई।मरने वाले सभी लोग एक ही परिवार के हैं। मृतकों की पहचान श्यामल बाउरी, पिंकी बाउरी, नटवर बाउरी और अन्ना बाउरी के रूप में की गई है। घायल किशोर बाउरी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आनंद क्षेत्र के ACP तारिक अनवर दल बल के साथ मौके पर मौजूद हैं। खबर लिखे जाने तक तक 2 शवों को बाहर निकाला जा चुका है। वहीं पांडवेश्वर विधायक नरेन्द्रनाथ चक्रवर्ती ने कहा कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाएगी।