सिमडेगा में देर रात खौफनाक वारदात, युवक को पेट्रोल छिड़ककर जिंदा जलाने की कोशिश,जांच में जुटी है पुलिस…

सिमडेगा।जिले के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत सलडेगा सरना मंदिर रोड में बीती रात हैवानियत और खौफ का ऐसा नंगा नाच देखने को मिला, जिसने पूरे इलाके की रूह कपा दी है। बेखौफ अज्ञात अपराधियों ने एक सीधे-साधे युवक को घेरकर उस पर पेट्रोल उड़ेला और जिंदा जलाने की नीयत से आग के हवाले कर दिया!

गुमला के कमडरा निवासी संतोष महतो, जो सलडेगा में किराए पर रहकर एक स्थानीय होटल में काम करता है, गुरुवार देर शाम सरना मंदिर रोड की तरफ गया था। रात के अंधेरे में जब वह लौट रहा था, तभी एक ही बाइक पर सवार तीन नकापपोश अपराधी काल बनकर उसके पीछे लग गए। तीनों अपराधियों ने अपना चेहरा हेलमेट से ढक रखा था।

​संतोष कुछ समझ पाता, उससे पहले ही दरिंदों ने उस पर पेट्रोल उड़ेल दिया और दियासलाई दिखा दी। पलक झपकते ही संतोष आग का गोला बन गया और दर्द से तड़पता हुआ सड़क पर दौड़ने लगा। उसकी दिल दहला देने वाली चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग बदहवास होकर घरों से बाहर निकले। स्थानीय लोगों ने जान पर खेलकर जैसे-तैसे उसके शरीर की आग बुझाई और तुरंत उसे गंभीर अवस्था में सिमडेगा सदर अस्पताल में भर्ती कराया।

आग की लपटों में झुलसा संतोष अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहा है। घटना की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार सुबह जैसे ही पुलिस को मामले का पता चला, महकमे में हड़कंप मच गया।

​पुलिस की टीम तुरंत सदर अस्पताल पहुंची और पीड़िता से शुरुआती जानकारी हासिल की। फिलहाल पुलिस अपराधियों का सुराग लगाने और उनकी गिरफ्तारी के लिए आसपास की नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है।

इस खौफनाक वारदात के पीछे की असली वजह क्या है, इसका खुलासा अब तक नहीं हो सका है।​स्थानीय लोग इस सनसनीखेज वारदात के बाद से गहरे खौफ में हैं। सबकी नजरें अब पुलिसिया कार्रवाई पर टिकी हैं कि आखिर कब तक ये नकापपोश दरिंदे सलाखों के पीछे होंगे!

error: Content is protected !!