राँची में ज़मीन विवाद को लेकर दबंगई: 50 लाख की रंगदारी न देने पर जानलेवा हमला, खेत में पटककर पीटा और लूटपाट

राँची।राँची के मेसरा ओपी क्षेत्र स्थित नेवरी विकास के चुट्टू इलाके में ज़मीन की खरीद-बिक्री को लेकर दबंगई और मारपीट का एक गंभीर मामला सामने आया है। ज़मीन खरीदने के एवज में 50 लाख रुपये की रंगदारी न देने पर पीड़ित मो. अनवारूल अंसारी पर लाठी व लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
ज़बरन धान रोपनी का विरोध करने पर किया हमला
घटना की मुख्य वजह ज़मीन पर जबरन कब्ज़े की कोशिश बताई जा रही है। पीड़ित अनवारूल अंसारी ने बताया कि आरोपी अमरीसा अंसारी द्वारा खरीदी गई ज़मीन पर जबरन धान रोपनी कर रहे थे। जब अनवारूल ने इस अवैध धान रोपनी का विरोध किया, तो आरोपियों ने उन्हें खेत में पटक दिया और लाठी-रॉड से बेदर्दी से पिटाई कर दी, जिससे वे अचेत हो गए।
नगदी व जेवर लूटे, महिलाओं से भी की बदसलूकी
हमलावरों ने न केवल मारपीट की, बल्कि लूटपाट और बदसलूकी की सीमाएं भी पार कर दीं।अनवारूल के पास से ₹85,000 नगद, सोने की अंगूठी और सोने की चेन लूट ली गई तथा उनके कपड़े फाड़ दिए गए।पीड़ित को बचाने पहुंचीं उनकी पत्नी कौशर जहां, साझेदार शब्बू निशा और गुड्डी परवीन के साथ भी आरोपियों ने अपशब्द कहे और बदसलूकी की। किसी तरह वे अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकलीं।
11 नामज़द आरोपियों पर केस दर्ज, छानबीन जारी
गंभीर रूप से घायल अनवारूल को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की लिखित शिकायत के आधार पर पुलिस ने इसराइल अंसारी, आजाद अंसारी, आरिक अंसारी, तारिक, मो. शरीफ, रमीज, हसीब, रूखसार परवीन, संजीदा परवीन, सकीला खातून और जहांगीर अंसारी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मेसरा ओपी पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

