Ranchi:हुंडरू फॉल में डूबे राजगीर के शुभम को दिनभर खोजती रही पुलिस और पर्यटक मित्र,नहीं मिला,माँ और बहन का रो-रोकर बुरा हाल था…

राँची।जिले के हुंडरू फॉल में सोमवार को नहाने के दौरान पानी की तेज धार में बह गए बिहार के राजगीर का युवक शुभम मंगलवार को भी नहीं मिला। हालांकि एनडीआरएफ की टीम मंगलवार की देर शाम पहुंची, अंधेरा होने के कारण अब बुधवार को उसकी तलाश करेगी। इससे पहले मंगलवार को सिकिदिरी थाना प्रभारी सत्यप्रकाश रवि, एसआई अरुण सिंह, पर्यटक मित्र राजकिशोर प्रसाद, बालेश्वर बेदिया, विष्णु बेदिया, मनोज महतो दिन भर फॉल के ऊपर और नीचे जाकर लापता शुभम को संभावित जगहों पर पत्थरों की खोह और पानी में खोजा, परंतु सफलता नहीं मिली। हुंडरू फॉल में नीचे जाने के लिए 745 सीढ़ी नीचे उतरना पड़ता है। थाना प्रभारी और अन्य पर्यटक मित्रों ने तीन से चार बार ऊपर से नीचे जाकर संभावित जगहों पर जाकर खोजने का प्रयास किया। पुलिस और पर्यटक मित्र थककर चूर हो गए थे।

इधर, लापता शुभम के परिजन उसकी माँ, बड़ा भाई, बहन और अन्य रिश्तेदार हुंडरू फॉल पहुंच गए थे।माँ और बहन का रो-रोकर हाल बुरा था। थाना प्रभारी ने बताया कि बुधवार की सुबह उसे खोजने का काम शुरू किया जाएगा।