Ranchi:कई इलाकों में सुबह से बारिश हो रही है,ठंडी हवाएं चल रही है,जगह-जगह कोहरा छाया है

राँची।झारखण्ड की राजधानी राँची सहित राज्य के कई इलाकों में रविवार की सुबह से बारिश हो रही। ठंडी हवाएं चल रही हैं। जगह-जगह कोहरा छाया हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो दक्षिणी पाकिस्तान और राजस्थान के कई हिस्सों में बने कम वायुमंडलीय दबाव का असर राज्य में दिख रहा है। पश्चिमी विक्षोभ के कारण समुद्री हवाओं के कारण कनकनी महसूस की जा रही है। कुछ हिस्सों में हवाएं चल रही हैं। राज्य के उत्तरी और निकटवर्ती मध्य भागों में कुछ जगहों पर ओलावृष्टि की संभावना है। राँची और आसपास के इलाकों में बादल छाए हुए हैं। सोमवार को भी मौसम का मिजाज कमोवेश यथावत बना रहेगा।राजधानी के कई इलाकों में रविवार सुबह से बूंदाबांदी हो रही है। सूरज दिखाई नहीं दे रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राजधानी का अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 14.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पिछले 24 घंटे में 3 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। हवा में आद्रता की मात्रा अधिकतम 97 फीसद तथा न्यूनतम 47 फीसद दर्ज की गई है। मौसम व‍िभाग के अनुसार राज्य के उत्तरी और मध्य भागों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि होगी। जबकि दक्षिणी भागों में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। ऐसी भी संभावना जताई जा रही है कि 26 जनवरी 2022 से न्यूनतम तापमान में धीरे धीरे 2-3 डिग्री की गिरावट देखी जा सकती है। सोमवार को अधिकतम तापमान में सामान्य से 3-4 डिग्री सेल्सियस कम रहने की संभावना है।

वहीं जमशेदपुर के कई इलाकों में रविवार को रूक-रूक कर हल्की बारिश हो रही है। आसमान में बादल छाए हुए हैं। जामताड़ा में भी बारिश हो रही है। धनबाद में भी बारिश हो रही है। कोहरा छाया हुआ है। पलामू में सुबह नौ बजे तक बरसात हुई। इसके बाद हल्की धूप खिली है।