Ranchi:पहले सिविल कोर्ट और अब समाहरणालय को बम से उड़ाने की मिली धमकी,मचा हड़कंप…जांच में जुटी है पुलिस…
राँची।राजधानी राँची में पहले राँची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। अब राँची के समाहरणालय भवन को बम से उड़ाने की धमकी मिली है।धमकी मिलने के बाद राँची पुलिस ने एहतियातन पूरे समाहरणालय की बम निरोधक दस्ते (बीडीएस) से जांच करवाई जा रही है।यह धमकी ईमेल के माध्यम से मिली है।सिविल कोर्ट की तरह ही इस बार भी धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई है। ईमेल में लिखा गया है कि समाहरणालय को सल्फर नाइट्रेट बम से उड़ा दिया जाएगा।धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद राँची पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर आ गई है और तुरंत बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाकर जांच शुरू करवा दी गई है।कोतवाली के डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि धमकी की जांच की जा रही है।
समाहरणालय में डीसी, एसएसपी सहित दर्जन भर बड़े अधिकारियों के दफ्तर हैं।राँची पुलिस के सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित कई पुलिस अधिकारियों के दफ्तर भी यहीं स्थित हैं।ऐसे में समाहरणालय को बम से उड़ाने की धमकी ने खलबली मचा दी है।झारखण्ड पुलिस के बीडीएस टीम की जांच में फिलहाल कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली है, लेकिन एहतियातन पूरे भवन की जांच करवाई जा रही है। बीडीएस टीम के अधिकारियों ने बताया कि राँची पुलिस के निर्देश पर वे पूरे परिसर की जांच कर रहे हैं।
इससे पहले 6 फरवरी को राँची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी, जिसके बाद लगातार दो दिनों तक झारखण्ड जगुआर के बम निरोधक दस्ते ने पूरे कोर्ट कैंपस की तलाशी ली थी।जांच के दौरान बम निरोधक दस्ते को कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली थी। सिविल कोर्ट के बाद अब राँची समाहरणालय को उड़ाने की धमकी दी गई है, जिसकी जांच जारी है।

