पार्षद प्रत्याशी प्रेमी संग फरार, चुनाव के बीच आदित्यपुर के वार्ड 9 में मचा हड़कंप

    जमशेदपुर।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के शोर के बीच वार्ड संख्या नौ में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां से पार्षद पद की प्रत्याशी राखी मार्डी अपनी बेटी को लेकर कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई हैं।राखी मार्डी के पति राकेश मार्डी ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। राकेश के अनुसार, उनकी पत्नी ने वार्ड नौ से पार्षद पद के लिए नामांकन दाखिल किया था और वह जोर-शोर से चुनाव प्रचार में जुटी थीं। इसी दौरान वह प्रेमचंद मार्डी नामक व्यक्ति के साथ कहीं चली गईं। राकेश का आरोप है कि प्रेमचंद ने उनकी पत्नी को बहला-फुसलाकर भगाया है।घटना से व्यथित पति राकेश मार्डी अपने परिजनों के साथ उपायुक्त (डीसी) कार्यालय पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है।साथ ही, वे संबंधित थाने में प्रेमचंद मार्डी के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी (एफआइआर) दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं। परिजनों का कहना है कि चुनाव के ऐन वक्त पर इस तरह की घटना से वे गहरे सदमे में हैं। पार्षद प्रत्याशी के इस कदम से वार्ड नौ के मतदाताओं में खासा आक्रोश और निराशा देखी जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जनता जिसे अपना प्रतिनिधि चुनने की तैयारी कर रही थी, उसके इस व्यवहार से क्षेत्र की छवि खराब हुई है।चुनाव जैसे महत्वपूर्ण समय में प्रत्याशी का इस तरह गायब होना लोकतंत्र और जनता के विश्वास के साथ खिलवाड़ है। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी

error: Content is protected !!