नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना पर राजधानी राँची के छह थानों की पुलिस रही 30 घंटे परेशान,मामला निकला फर्जी

-नाबालिग से दुष्कर्म की सूचना रविवार की रात 9 बजे राँची पुलिस को मिली थी, इसके बाद से पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी खंगाले…

राँची।राजधानी राँची में एक 14 साल की नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की सूचना पर राजधानी राँची के छह थानों की पुलिस 30 घंटे तक परेशान रही। इस दौरान 100 से अधिक सीसीटीवी को पुलिस ने रातों रात खंगाला। अंत में सोमवार को मामला फर्जी निकला। नाबालिग अपने घर दो घंटे देर से पहुंची थी। इसी डर से उसने यह कहानी रची थी, कि उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ। मामला लालपुर थाना क्षेत्र के हरिओम टॉवर के पास से शुरू हुआ। नाबालिग ने जो पहले पुलिस को बताया उसके अनुसार वह ट्यूशन पढ़ कर रविवार को दिन में करीब दो से ढाई के बीच हरिओम टॉवर से निकली। इसी दौरान उसे एक टुकटुक वाले ने जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। टुकटुक में एक और युवक था। दोनों ने उसे राज्य योग केंद्र के परिसर में ले गए। फिर दोनों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। रात नौ बजे राँची पुलिस को इस बात की जानकारी छात्रा क परिजनों ने दी। सूचना मिलते ही पुलिस के होश उड़ गए। रातो रात सिटी डीएसपी दीपक कुमार एवं हटिया डीएसपी राजा कुमार मित्रा और छह थाने लालपुर, सुखदेव नगर, कोतवाली, पंडरा, गोंदा,लोअर बाजार ,अरगोड़ा की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया।

रात तीन बजे तक पुलिस खंगालती रही सीसीटीवी

सूचना मिलते ही पुलिस रविवार देर रात तीन बजे तक सभी मार्ग जहां जहां से छात्रा गुजरी थी, वहां लगे सभी सीसीटीवी को खंगालना शुरू किया। रात में पुलिस ने दुकानदारों को भी बुलाया जिनके यहां सीसीटीवी लगे थे। देर रात पुलिस ने टुकटुक वाले को ट्रेस किया गया, जिसमें नाबालिग छात्रा बैठ निकली थी। रात 4.30 बजे ही टुकटुक वाले को पुलिस ने उसके घर से उठाया। फिर छात्रा से उसकी पहचान करवाई। छात्रा ने उसे पहचान लिया। लेकिन फिर कहा कि उसने मेरे साथ कुछ नहीं किया। पुलिस ने जब हरिओम टॉवर से लेकर रातू रोड पिस्का मोड़ तक की सीसीटीवी फुटेज खंगाला तो पाया की छात्रा आराम से टुकटुक से अपने घर जा रही है। जब सारे सीसीटीवी फुटेज को दिखा छात्रा से पुलिस ने क्रास क्वेश्चनिंग शुरू की, तो उसने बताया कि वह ट्यूशन के बाद अपने दोस्त के घर चली गई थी। दो घंटे अपने दोस्त के घर रही। उस दौरान उसके घर वाले भी मौजूद थे। दो घंटे देर से वह घर पहुंची, इसी बात के डर से उसने यह कहानी रच डाली की उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म हुआ है।हालांकि पुलिस इस मामले में जांच जारी रखा है।लड़की के बार बार बयान बदलने के बाद पुलिस का कहना है।मामला संगीन है।इसलिए हर पहलुओ की जांच की जा रही है।