दुमका:पाकुड़ से राँची जा रही 3 यात्री बसों पर पथराव,महिला समेत दो घायल,पुलिस छानबीन में जुटी है

दुमका।झारखण्ड के दुमका जिले के नक्सल प्रभावित गोपीकांदर थाना क्षेत्र में जंगल के समीप मंगलवार की देर रात तीन यात्री बसों पर पथराव किया गया। घटना में बस में सवार एक महिला बुरी तरह घायल हो गई है। बस कंडक्टर को भी चोट लगी है। घायल महिला का इलाज गोपीकंदर स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार पाकुड़ एवं साहिबगंज से राँची जाने के क्रम में बस पर पथराव किया गया है। सानिया बस के एक महिला यात्री और सिल्की बस के कंडक्टर को पत्थर लगे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद गोपीकांदर पुलिस की ओर से मामले की छानबीन किया जा रहा है।

इस सम्बंध में पुलिस ने बुधवार को जंगल के पास वाले इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया। इस बारे में पूछे जाने पर थानेदार बिल्कन बागे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दो से तीन शरारती लड़कों द्वारा बसों में पथराव किया गया है। सभी लड़के नशे में थे।हालांकि घायलों द्वारा पुलिस को मामले की लिखित जानकारी नहीं दी गई है। सूचना के आधार पर पड़ताल की जा रही है।

इधर घटना के कारण रात्रि बस के चालकों में भय का माहौल व्याप्त हो गया है। असामाजिक तत्वों के द्वारा पथराव किए जाने को लेकर बस चालक अपनी और वाहनों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। आशंका जताई जा रही है कि अगर फिर घटना की पुनरावृत्ति होती है तो यात्रियों के बीच दहशत फैल सकती है। इससे कारोबार प्रभावित हो सकता है। बस के चालक और कंडक्टर का कहना है कि हर दिन हम लोग रात में यात्री को लेकर राँची जाते हैं। ऐसे में अब डर लगने लगा है कि कब हम लोगों के साथ कोई अप्रत्याशित घटना घटित हो जाए। बस चालकों ने इसके लिए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई की गुहार लगाई है।