हजारीबाग:चापानल में पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक महिला की हत्या,पुलिस जांच में जुटी है

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले में चापानल में पानी लेने को लेकर हुई विवाद में एक महिला की पड़ोसी ने हत्या कर दी।यह मामला रानीचुवा की हैं जहां पानी को लेकर शुरू हुए विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई है। मामला पंचायत के तुरी टोला का है।बताया जाता है कि सरकारी चापानल के पानी का इस्तेमाल करने को लेकर एक महिला को इतनी बुरी तरह पीटा गया कि उसकी मौत हो गई। महिला की पहचान फूलमती देवी पति सिकन्दर तुरी के रूप में की गई है। घटना शुक्रवार देर रात की है।

इधर परिजनों ने मारपीट का आरोप जागेश्वर तुरी,तुलसी तुरी, राजू तुरी, उर्मिला देवी, मनीषा देवी, रेखा देवी, गंगिया देवी, रिंकी देवी पर लगाया है। मृतक महिला की शादी 6 वर्ष पहले चतरा में हुई थी। वह कुछ समय से रानीचुवा में ही अपने पिता के घर रहती थी। उसके तीन बच्चे हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी है।

जानकारी के अनुसार रानीचुवा ग्राम के तुरी टोला में एक सरकारी चापानल है। इसपर जागेश्वर तुरी कब्जा जमाए हुए हैं। वह आस पास के लोगों को पानी लेने नही दे रहा था। आरोप है कि जागेश्वर ने चापानल का चेन खोल दिया था। सिकन्दर तुरी ने चापानल को फिर बनाया। चापानल बनने पर सिकन्दर की पत्नी फूलमती देवी वहां पीने के लिए पानी लाने तथा कपड़ा धोने गई। आरोप है कि इसी दौरान जागेश्वर तुरी एवं उनके परिजनों ने फूलमती देवी पर जानलेवा हमला कर दिए। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला को इलाज के बरही अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।