28 पुलिसकर्मियों के निलंबन पर पुलिस एसोसिएशन भड़का, बोकारो एसपी को हटाने की मांग..
राँची।झारखण्ड के बोकारो जिले में 18 वर्षीय पुष्पा कुमारी हत्याकांड ने नया मोड़ ले लिया है। एक ओर जहां पुलिस ने नौ महीने बाद इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरी ओर थाना प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मियों के निलंबन को लेकर विवाद गहरा गया है। झारखण्ड पुलिस एसोसिएशन ने इस कार्रवाई को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए बोकारो के एसपी हरविंदर सिंह को तत्काल हटाने की मांग की है।
पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू का कहना है कि पूरे मामले की समीक्षा और कार्रवाई में एसपी विफल रहे हैं। संगठन ने आरोप लगाया कि अपनी प्रशासनिक कमजोरियों को छिपाने के लिए एक ही थाना के 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। एसोसिएशन ने चेतावनी दी है कि यदि निर्दोष पुलिसकर्मियों का निलंबन वापस नहीं लिया गया और ट्रांसफर-पोस्टिंग में पारदर्शिता नहीं बरती गई, तो वे अपने सदस्यों के न्याय के लिए किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।
बता दें बोकारो के पिंडराजोरा थाना क्षेत्र से करीब नौ महीने पहले लापता हुई पुष्पा कुमारी की हत्या का हाल ही में खुलासा हुआ है चाकुलिया पंचायत के मधुटांड़ जंगल से पुलिस ने युवती का कंकाल बरामद किया, जो मुख्य आरोपी दिनेश कुमार महतो की निशानदेही पर मिला। पुलिस जांच में सामने आया कि पुष्पा और आरोपी के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध था।पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि युवती द्वारा शादी के दबाव के कारण वह मानसिक रूप से परेशान था और इसी वजह से उसने हत्या की योजना बनाई।घटना के दिन आरोपी ने युवती को चास कॉलेज के पास मिलने के बहाने बुलाया और फिर सुनसान जंगल में ले जाकर चाकू से उसकी हत्या कर दी।हत्या के बाद उसने शव को झाड़ियों में छिपा दिया और फरार हो गया।
मामले में तेजी तब आई जब झारखण्ड उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद जांच तेज हुई। तब सीआईडी की डीआईजी संध्या रानी मेहता ने पीड़िता रेखा देवी के घर जाकर इस संबंध में पूछताछ की थी। इसके बाद सिटी डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने 24 घंटे के भीतर आरोपी दिनेश महतो को गिरफ्तार कर लिया था।
उसकी निशानदेही पर घटनास्थल से कपड़े, बाल, हड्डियों के अवशेष और हत्या में इस्तेमाल चाकू बरामद किए जा चुके हैं। जांच के दौरान यह भी आरोप सामने आए कि पहले की जांच में गंभीर लापरवाही बरती गई और कुछ पुलिसकर्मियों पर आरोपी को बचाने के प्रयास तक के संकेत मिले।इसी आधार पर थाना प्रभारी अभिषेक रंजन समेत कुल 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। बता दें कि पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र के खूंटाडीह की रहने वाली रेखा देवी ने अपनी पुत्री 18 वर्षीय पुष्पा महतो के अपहरण की आशंका जताते हुए 24 जुलाई 2025 को पिंड्राजोड़ा थाना में आवेदन दिया था।

