पलामू एसीबी के हत्थे चढ़ा दो घूसखोर कर्मचारी…..

पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में एसीबी ने गुरुवार को मेदिनीनगर नगर निगम के दो कर्मियों को चार हजार रुपए घुस लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार नगर प्रबंधक अनिल उरांव(35) और सर्वेयर राकेश कुमार(33) नगर निगम में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्य से जुड़े हैं। चैनपुर थाना क्षेत्र के कल्याणपुर निवासी मो एजाजुल अंसारी ने पलामू प्रमंडलीय एसीबी कार्यालय में दोनों कर्मियों के खिलाफ घुस मांगने का शिकायत किया था ।वार्ड संख्या 33 में रहने वाले मो एजाजुल की मां लैलून बीबी के नाम पर प्राधमंत्री आवास योजना नगर निगम के द्वारा स्वीकृत है। जिसमें से पहली किस्त 45 हजार और दूसरी किस्त 67600 रुपए का भुगतान हो चुका है। तीसरे किस्त की राशि 90 हजार रुपए खाता में भेजने के लिए लाभुक से घुस मांगी गई थी। सिटी मैनेजर अनिल उरांव और सर्वेयर राकेश कुमार ने लाभुक से चार हजार रुपए की मांग घुस में की थी।

शिकायतकर्ता घुस नहीं देना चाहता था। शिकायत के बाद एसीबी में कार्यरत पुलिस निरीक्षक ने इसका सत्यापन किया। सत्यापन में घुस मांगे जाने की पुष्टि हुई। जिसके बाद घुस मांगने वाले कर्मियों को गिरफ्तार करने की रणनीति बनाई गई। गुरुवार को शिकायतकर्ता से सिटी मैनेजर और सर्वेयर नगर निगम कार्यालय के पार्षद कक्ष में घुस ले रहे थे। तभी एसीबी की टीम ने उन्हें दबोच लिया। सिटी मैनेजर अनिल उरांव ने घुस की रकम लेकर सर्वेयर को पकड़ा दिया था। गिरफ्तार सिटी मैनेजर रांची के पिठौरिया और सर्वेयर मेदिनीनगर के नावाटोली के रहने वाले हैं। दो वर्षों से दोनों नगर निगम में सेवारत हैं।