झारखण्ड विधानसभा:चार राज्यों में जीत की खुशी पर भाजपा विधायक भगवा वस्त्र धारण कर पहुँचे विधानसभा, सदन में लगे जय श्री राम के नारे,हर हर महादेव से गुंजा परिसर

राँची।झारखण्ड विधानसभा का बजट सत्र की कार्यवाही शुक्रवार को शुरू हुई। इस दौरान मुख्य विपक्षी दल भाजपा के विधायक भगवा वस्त्र धारण कर सदन पहुंचे।वहीं स्पीकर रबींन्द्र नाथ महतो ने जैसे ही कार्यवाही शुरू करने की अनुमति दी। भाजपा विधायक जय श्री राम, जय श्री राम की नारेबाजी करने लगे।इसी बीच जेएमएम विधायक सह मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने कहा कि यह लोग जिस वेश में आए हैं, इन्हें मंदिर में भेज देना चाहिए।

दरअसल,देश में हुए पांच राज्यों में चुनाव में चार राज्यों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। जीत की खुशी विधायकों के चेहरे पर साफ झलक रही थी। विधानसभा परिसर में विधायकों ने जय श्री राम, नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाए। विधायकों ने कहा कि देश में भाजपा के पक्ष में लहर चल रही है। अब झारखण्ड में बदलाव की बारी है।

हर-हर महादेव से गूंजा परिसर:
विधानसभा में विधायकों की ओर से हर हर महादेव के नारे लगाए गए। सत्ता पक्ष के मुख्य सचेतक बिरंची नारायण ने कहा कि उत्तरप्रदेश में बुलडोजर बाबा का बुलडोजर चल गया। परिवारवाद का सफाया हो गया। देश की सबसे बड़ी परिवारवाद वाली पार्टी कांग्रेस को जनता ने पूरे देश से चलता कर दिया है, अखिलेश यादव को भी जनता ने धूल चटाया है।विधायक ढुल्लू महतो ने कहा कि चार राज्यों का चुनाव परिणाम तो झांकी है असली रिजल्ट तो 2024 में आना है।
उन्होनें दावा किया कि 2024 में पूरे देश मे फिर से भगवा लहराएगा और नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में फिर से केंद्र में सरकार बनेगी। विधायक मनीष जयसवाल ने कहा कि जाति धर्म से ऊपर उठकर जनता ने वोट किया है। परिवारवाद की राजनीति करने वालों को तमाचा जड़ने का काम किया है। झारखण्ड की सरकार के लिए भी यह चुनाव परिणाम संदेश है कि तुष्टिकरण की राजनीति करने से बाज आ जाएं अन्यथा इनका भी हश्र यही होनेवाला है। जिस तरह से झारखण्ड सरकार ने उर्दू को सभी जिले में क्षेत्रीय भाषा का दर्जा दिया है और हिंदी को नहीं, इसका जवाब भी झारखण्ड की जनता देगी।