अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस: राँची रेलमंडल ने महिला रेल कर्मचारियों को सौंपी जिम्मेदारी,महिला लोको,टीटीई,गार्ड और आरपीएफ ने संभाली राँची-टोरी मेमू की कमान

राँची।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर रेलवे ने सब कुछ महिला कर्मचारियों को सौंप दिया।हजारों रेलयात्रियों ने शुक्रवार को राँची से लोहरदगा-टोरी की 110 किलोमीटर की यात्रा महिला लोको पायलट,महिला गार्ड, महिला टीटीई और महिला आरपीएफ जवान की कमान में पूरी की।अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं के सम्मान में राँची रेलमंडल प्रशासन ने राँची-लोहरदगा मेमू पैसेंजर के संचालन की पूरी जिम्मेदारी महिला रेल कर्मचारियों को सौंप दी थी।वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक योजना श्रेया सिंह ने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार की उपस्थिति में राँची से शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर मेमू पैसेंजर को रवाना किया। ट्रेन का संचालन लोको पायलट दीपाली अमृत, सहायक लोको पायलट गीता खलखो कर रही थीं।अन्य व्यवस्था पैसेंजर ट्रेन मैनेजर अनुपम लत्ता और टिकट जांच का जिम्मा उरसेला टोप्पो, मसिरा सुरीन, विनीता खेस, मुनी भेंगरा और एल केरकेट्टा को सौंपा गया था। इसके अलावा यात्रियों की सुरक्षा की जिम्मेदारी आरपीएफ की चंद्राणी विश्वास, कल्पना कुमारी, सरस्वती, पिंकी, सरोज व पूजा बाला को दी गई थी।सीनियर डीओएम श्रेण सिंह ने कहा कि यदि महिलाएं ठान लें तो वे कुछ भी कर सकती हैं। आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपना योगदान दे रही हैं। इस दौरान महिला कर्मचारियों का स्वागत गुलाब का फूल देकर किया गया। इसी क्रम में सीनियर डीसीएम ने सभी महिला कर्मचारियों को बधाई दी। कहा कि मेमू पैसेंजर ट्रेन का संचालन महिला कर्मचारियों ने किया, यह राँची रेलमंडल के लिए गर्व की बात है।