Ranchi:डायन-बिसाही के संदेह में वृद्ध महिला की हत्या,पुलिस ने एक महिला सहित तीन लोगों को हिरासत में…

राँची।जिले के बुढ़मू थाना क्षेत्र के चैनगड़ा डहू टोला में बुधवार को डायन बिसाही के संदेह में एक वृद्धा की हत्या कर दी गई है। मृतका की पहचान टोला निवासी बुधु मुंडा की पत्नी रतनी देवी (72) के रूप में की गई है। हत्याकांड को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। वहीं हत्याकांड की जानकारी मिलते ही बुढ़मू पुलिस गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है।बताया जाता है कि मृतका का पति बुधु मुंडा और हेमा मुंडा दोनों चचेरे भाई हैं और दोनों पड़ोसी हैं। बताया जाता है कि हेमा मुंडा के बेटे प्रकाश मुंडा को लकवा की शिकायत होने पर सोमवार की सुबह रिम्स इलाज कराने के लिए ले जाया गया था।शाम को लौटने के बाद रतनी देवी उसके स्वास्थ्य की जानकारी लेने हेमा मुंडा के घर गई थी।जहां बीमार प्रकाश मुंडा की बहन और भाई ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए जादू टोना कर बीमार करने का आरोप लगाया।साथ ही लात और घुस्से से जमकर उसकी पिटाई कर दी। हेमा मुंडा के परिजनों का कहना था कि इलाज के लिए पैसे मांगने पर रतनी देवी ने पैसे भी नहीं दिए थे।इधर मृतका रतनी देवी के परिजनों का आरोप है की हेमा मुंडा के घरवालों ने रतनी देवी की पिटाई कर घर के बरामदे में उसे गंभीर अवस्था में छोड़ गए थे। रतनी देवी के पति बुधु मुंडा के अनुसार जैसे ही वह अपनी पत्नी को देखने गया तो रतनी की मौत हो चुकी थी।हत्याकांड के बाद पीड़ित पक्ष की ओर से घटना की लिखित सूचना बुढ़मू थाना में दी गई। जिसके बाद थाना प्रभारी कमलेश राय ने नामजद मुख्य आरोपी रीना देवी, दिलीप मुंडा, प्रकाश मुंडा को हिरासत में ले लिया है।पुलिस आरोपियों से मामले को लेकर गहन पूछताछ कर रही है।