खूंटी में पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूली करने वाला कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, हथियार तस्करी का भी खुलासा

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में नक्सल विरोधी अभियान में खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीएलएफआई के नाम पर लेवी वसूली, अवैध हथियार रखने और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले नामजद अभियुक्त अजीम हव्वारी उर्फ मो. अजीम हब्बारी उर्फ हिमांशु को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ खूंटी थाना कांड संख्या 142/25 (दिनांक 06 जुलाई 2025) दर्ज है, जिसमें बीएनएस की गंभीर धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट और सीएलए एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था गिरफ्तार अभियुक्त की उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है और वह खूंटी शहर का ही निवासी है।

पुलिस की जांच में यह बात भी सामने आई है कि आरोपी पूर्व में पीएलएफआई संगठन से सक्रिय रूप से जुड़ा हुआ था। बाद के वर्षों में उसने अलग गिरोह बनाकर हथियार के बल पर रंगदारी, लूटपाट और दहशत फैलाने की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि पीएलएफआई के नाम पर क्षेत्र में लेवी वसूली की जा रही है और अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क सक्रिय है।सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि वह हथियार और गोलियों को कपड़े में छिपाकर बेचता था और संगठन के नाम पर व्यवसायियों और आम लोगों से रंगदारी की मांग करता था। उसका मुख्य उद्देश्य इलाके में भय का माहौल बनाकर अवैध वसूली करना था।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा रहा। उसके खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं, जिनमें लेवी वसूली, लूट, अवैध हथियार रखना और फायरिंग जैसी घटनाएं शामिल हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उसके गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, हथियारों की आपूर्ति कहां से होती थी और अब तक कितने लोगों को हथियार बेचे गए हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी, अनुसंधानकर्ता अधिकारी सहित खूंटी थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में प्रतिबंधित संगठनों और आपराधिक गिरोहों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

error: Content is protected !!