#लापरवाही:राँची सात कांड का आरोपी जफ्फर अंसारी छूटा था पेरोल पर, दे रहा था लूटकांड को अंजाम, सीसीए लगाने की भी की गई थी अनुशंसा..

— अगर शहर में नहीं चलता गहन चेकिंग अभियान तो फिर लूटकांड को अंजाम देकर फरार हो जाता चंदवे पिठौरिया का रहने वाला कुख्यात लुटेरा जफर अंसारी

राँची।जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र में महिला से चेन लूटकांड का आरोपी गिरफ्तार आरोपी चंदवे पिठौरिया निवासी जफ्फर अंसारी (22) पर सात कांड दर्ज है। जफ्फर इतना कुख्यात लुटेरा है कि उसके उपर राँची पुलिस ने सीसीए लगाने का भी प्रस्ताव दिया था। लेकिन उसपर सीसीए नहीं लग सका। जफर हाल ही में पेरोल पर छूटा था। इसके बाद वह फिर से लूटकांड को अंजाम दे रहा था। जफ्फर के साथ उसका साथी चंदवे पिठौरिया निवासी इम्तेयाज अंसारी को भी पुलिस ने बुधवार को तब गिरफ्तार किया था जब दोनों एक पल्सर बाइक से सेक्टर टू में एक महिला निक्की रानी का सोने का चेन छिन कर भाग रहे थे। बुधवार से शहर में दो पहिया वाहन चालकों के लिए गहन जांच अभियान शुरू हुआ था। जैसे ही पुलिस ने चेन लूट की सूचना वायरलेस पर दी सभी जगहों पर तैनात पुलिस वाले सतर्क हो गए। कटहल मोड़ के पास ट्रैफिक पुलिस के जवानों व अधिकारियों ने दोनों को घेर कर पकड़ा। जफ्फर से पुलिस ने गुरुवार को पूछताछ की। उसने कई कांडों में संलिप्त होने की बात स्वीकार की है।

पहले महिला से की थी दोनों ने मोबाइल की छिनतई, फिर चेन लूट कर भाग रहे थे

दोनों जफ्फर और इम्तियाज बुधवार को दिन के 2.15 बजे एक महिला रोशनी कुमारी से 2.15 बजे मोबाइल छिन कर भाग रहे थे। फिर दोनों ने सेक्टर टू में निक्की रानी को अपना शिकार बनाया था। दोनों ने बताया कि वे महिलाओं को ही शिकार बनाते थे। गिरफ्तार जफ्फर अंसारी के विरुद्ध सात मामले दर्ज है। जिसमें उसे मात्र तीन मामलो में ही जमानत मिली है। चार मामलों में अभी भी उसे जमानत नहीं मिली है। इसके बाद भी ऐसे कुख्यात अपराधी को पेरोल पर छोड़ दिया जाता है। पेरोल पर छूटने के बाद पुलिस भी उसपर नजर नहीं रख रही थी। जिसकी वजह से वह अनलॉक होने के बाद से लगातार अपने साथी के साथ मिलकर लूटकांड को अंजाम दे रहा था।