सी-टेट परीक्षा में मुन्ना भाई गिरफ्तार, धनबाद में गोड्डा का युवक दूसरे की जगह दे रहा था परिक्षा…

 

धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले में जेएनएमएस डिगवाडीह में रविवार को एक बड़ा फर्जीवाड़ा पकड़ा गया। सी-टेट की परीक्षा के दौरान एक युवक को दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़ा गया।वीक्षक शिक्षक ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को पकड़कर जोरापोखर पुलिस के हवाले कर दिया। जानकारी के अनुसार रविवार को जवाहरलाल नेहरू स्कूल में सी-टेट की परीक्षा आयोजित की गई थी।परीक्षा के दौरान अजय कुमार नामक शिक्षक वीक्षण कार्य कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक परीक्षार्थी की गतिविधियों पर संदेह हुआ। जब शिक्षक ने बारीकी से दस्तावेजों और प्रवेश पत्र का मिलान किया, तो मामला पूरी तरह साफ हो गया।

 

शिक्षक अजय कुमार ने पाया कि गोड्डा निवासी राजीव कुमार असली अभ्यर्थी गौतम कुमार की जगह बैठकर परीक्षा दे रहा था। पूछताछ में युवक सकपका गया और सही जानकारी नहीं दे पाया। जिसके बाद स्कूल प्रबंधन ने तुरंत जोरापोखर पुलिस को सूचित किया। सूचना मिलते ही जोरापोखर थाना पुलिस केंद्र पर पहुंची और फर्जी परीक्षार्थी राजीव कुमार को हिरासत में ले लिया।

शिक्षक अजय कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ जोरापोखर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि पकड़ा गया युवक किसी संगठित गैंग का हिस्सा तो नहीं है।

यह भी पता लगाया जा रहा है कि असली परीक्षार्थी गौतम कुमार और राजीव कुमार के बीच क्या डील हुई थी और क्या इससे पहले भी राजीव ने किसी अन्य परीक्षा में फर्जीवाड़ा किया है।

इस मामले में थाना प्रभारी ने बताया कि राजीव कुमार को गौतम कुमार के नाम पर परीक्षा देते हुए वीक्षक ने पकड़ा है। शिक्षक की लिखित शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।

error: Content is protected !!