Ranchi:बार में अपराधियों के जुटने की सूचना पर पुलिस ने बार में मारा छापा,मचा हड़कंप…
राँची।राजधानी राँची के लालपुर थाना क्षेत्र स्थित लूप बार में रविवार की देर रात राँची पुलिस ने अचानक छापेमारी कर हड़कंप मचा दिया।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी, कि इस बार में शहर के कुछ कुख्यात अपराधी जमा हुए हैं और किसी बड़ी घटना की योजना बना रहे हैं।सूचना मिलते ही राँची पुलिस एक्शन मोड में आ गई।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी राकेश रंजन के निर्देश पर सिटी डीएसपी, सदर डीएसपी और कोतवाली डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस ने बार को चारों तरफ से घेर लिया।भारी संख्या में पुलिस बल की मौजूदगी देख बार के अंदर मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार,बार के अंदर मौजूद हर एक व्यक्ति की सघन तलाशी ली जा रही है।संदिग्धों की पहचान के लिए उनके पहचान पत्र जांचने के साथ-साथ पुलिस के डेटाबेस से उनके रिकॉर्ड्स का मिलान किया जा रहा है। लालपुर, सदर, कोतवाली और लोअर बाजार समेत कई थानों की टीमें मौके पर तैनात रहीं। बार के चप्पे-चप्पे, वीआईपी केबिन और पार्किंग एरिया की बारीकी से तलाशी ली गई ताकि कोई हथियार या प्रतिबंधित सामग्री बरामद की जा सके।समाचार लिखे जाने तक छापेमारी जारी था।सूचना है कई युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।कुछ आपत्तिजनक समान बरामद होने की भी सूचना है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में राँची के बार और क्लबों में असामाजिक तत्वों के बढ़ते दखल को देखते हुए पुलिस काफी सख्त नजर आ रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शहर की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।यदि बार में किसी भी अपराधी की मौजूदगी की पुष्टि होती है, तो उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

