मेला देखकर घर लौट रहे युवक पर फायरिंग,जांघ में लगी गोली,हुई आर-पार..

 

खूंटी।झारखण्ड के खूंटी जिले में खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत पोसेया गांव के समीप गंडू सिरमली नामक स्थान पर शनिवार की रात लूट की कोशिश के दौरान अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने एक युवक को गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, हालांकि समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। घायल युवक की पहचान मुरहू थाना क्षेत्र के गुरमी गांव निवासी 38 वर्षीय विश्वनाथ महतो उर्फ विष्णु महतो के रूप में की गई है। वर्तमान में उसका इलाज सदर अस्पताल, खूंटी में चल रहा है और चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति स्थिर है। घायल विश्वनाथ महतो ने सदर अस्पताल में बताया कि शनिवार की रात करीब आठ बजे वह गंडू सिरमली में लगे मेले से घूमकर मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था।इसी दौरान बगमा के पास चार से पांच की संख्या में अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने रास्ता रोकने का प्रयास किया। सभी अपराधियों के चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे और वे टॉर्च जलाकर राहगीरों को रोक रहे थे।

विश्वनाथ ने बताया कि संदिग्ध गतिविधि को देखकर उसने रुकने के बजाय मोटरसाइकिल की रफ्तार बढ़ा दी। इससे नाराज बदमाशों ने उस पर गोली चला दी। गोली उसके जांघ में लगी और मांस को चीरते हुए आर-पार निकल गई। गोली लगने के बावजूद वह मौके पर नहीं रुका और किसी तरह मोटरसाइकिल चलाकर अपने घर पहुंचने में सफल रहा।गोली लगने की हालत में ही घर पहुंचते ही युवक ने गोली लगने की बात परिजनों को बताई। परिजनों ने उसे तुरंत एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

चिकित्सकों के अनुसार गोली जांघ के आर-पार निकल गई, जिससे किसी बड़े अंग को नुकसान नहीं पहुंचा और बड़ा खतरा टल गया। इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने सदर अस्पताल पहुंचकर घायल युवक से घटना की विस्तृत जानकारी ली और मामले की जांच शुरू कर दी है। इलाके में अपराधियों की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है।

एसडीपीओ वरुण रजक ने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को मिल चुकी है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपराधियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और तकनीकी अनुसंधान किया जा रहा है।

error: Content is protected !!