राँची सेंट्रल जेल से साल भर पहले फरार हुए उग्रवादी समीर तिर्की गिरफ्तार…गुमला पुलिस ने दबोचा…
राँची।राजधानी राँची के बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार से करीब एक साल पहले फरार हुआ पीएलएफआई उग्रवादी गिरफ्तार हो गया है।उग्रवादी समीर तिर्की को गुमला पुलिस द्वारा शनिवार की देर रात गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे गिरफ्तार किया।समीर बीते एक साल से फरार चल रहा था और पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों के लिए एक बड़ी चुनौती बना हुआ था।पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि समीर तिर्की अपने पैतृक गांव गुमला प्रखंड के वृंदा (भंडरा टोली) में छिपा हुआ है। सूचना की पुष्टि के बाद एसपी हरिश बिन जमा ने पुलिस इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी महेंद्र करमाली के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। शनिवार देर रात टीम ने गांव की घेराबंदी कर छापेमारी की और समीर को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे रविवार को कड़ी सुरक्षा के बीच राँची भेज दिया गया है, जहांं आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
समीर तिर्की का अपराधिक इतिहास रहा है।28 फरवरी 2025 की रात उसने राँची के होटवार स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारागार की सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए फरार होने में सफलता पाई थी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में खुलासा हुआ था कि उसने जेल की तीन-लेयर सुरक्षा व्यवस्था को चकमा दिया और मुख्य गेट के रास्ते बाहर निकल गया। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया था और खेलगांव थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

