मेनरोड उपद्रव मामला:डेली मार्केट में दर्ज मुख्य केस को सीआईडी ने किया टेकओवर, सभी दस्तावेज ले गए साथ

–सीआईडी के डीएसपी महेंद्र सिंह मुंडा करेंगे मामले का अनुसंधान,कांड संख्या 17/22 को सीआईडी ने किया है टेकओवर

राँची।राजधानी राँची के मेन रोड में 10 जून को हुए उपद्रव मामले में डेली मार्केट में दर्ज मुख्य केस कांड संख्या 17/22 को सीआईडी ने मंगलवार को टेकओवर कर लिया।इस मामले के अनुसंधान के लिए सीआईडी के डीएसपी महेंद्र सिंह मुंडा को जांच पदाधिकारी बनाया गया है। डेली मार्केट थाने से महेंद्र सिंह मुंडा ने इस केस से संबंधित सभी दस्तावेज मंगलवार को ले लिए। अब वे इस मामले का अनुसंधान करेंगे। उल्लेखनीय हो कि डेली मार्केट में दर्ज कांड संख्या 17/22 में 22 लोगो को नामजद आरोपी बनाया गया था।वहीं आठ से 10 हजार अज्ञात के विरुद्ध अंचलाधिकारी शहर राँची अमित भगत ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इस कांड में भादवि की धारा 147,148,149,120 बी,188, 295ए,153 एए,153 ए,341, 323,333,353,307,379,511 और आर्म्स एक्ट 27 व प्रिवेंशन ऑफ डैमेज टू पब्लिक प्रोपर्टी एक्ट 1984 की धारा तीन व चार के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। दर्ज प्राथमिकी में यह भी आरोप था कि बिना अनुमति के जुलूस निकाला गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। भीड़ को रोकने का प्रयास किया गया तो वह उग्र हो गई। भीड़ को समझाया गया। लेकिन भीड़ में शामिल उपद्रवियों ने उग्र होकर लगातार पुलिस बल को लक्षित कर पथराव किया। पुलिस पर उपद्रवियों द्वारा जान मारने की नियत से लगातार फायरिंग की। पुलिस कर्मियों को पकड़ उनके हथियार छिनने की भी कोशिश की गई। जब भीड़ पूरी तरह से अनियंत्रित हो गई तब दंडाधिकारी द्वारा नियंत्रित हवाई फायरिंग व बल प्रयोग का आदेश दिया गया। इसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए, कई राउंड फायरिंग की घई। लाठी बल का प्रयोग किया गया। इसके बाद भीड़ तितर बितर हुई।