लोहरदगा:अकेली घर जा रही नाबालिग लड़की के साथ आधा दर्जन युवकों ने किया सामूहिक दुष्कर्म,तीन गिरफ्तार

लोहरदगा।झारखण्ड की राजधानी राँची के बाद अब लोहरदगा में नाबालिग का अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।बताया जा रहा है कि लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की के साथ 6 युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।यह घटना सोमवार देर रात की है। इस संबंध में पिड़िता के परिजनों ने भंडरा थाना में मामला दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, वहीं अन्य तीन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।

बताया जा रहा है कि पीड़िता भंडरा से अपने गांव धनामूंजी जा रही थी। इसी क्रम में बलसोता सरना टोली के पास 6 युवकों ने उसे अगवाकर केला के झुंड के पास ले जाकर दुष्कर्म किया। घटना के बाद किसी तरह से पीड़िता अपने घर पहुंची।घर पहुंचने पर उसने परिजनों को पूरी जानकारी दी।जानकारी मिलते ही परिजन भंडरा थाना पहुंच कर मामला दर्ज कराया।वहीं मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया।इनमें बलसोता सरना टोली के गुड्डू महतो, राजू उरांव और संजय उरांव है।अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापामारी कर रही है।

इधर थाना प्रभारी अभिषेक कुमार तिवारी ने बताया कि पीड़िता के बयान पर कांड संख्या 5/2022 धारा 376 डी ए 34 आइपीसी एवं 4/6 पोस्को एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं, बुधवार को पीड़िता का मेडिकल जांच कराया जायेगा।

बता दें कि बीते रविवार को राँची जिले के चान्हों में नाबालिग के साथ दुष्कर्म मामले में भी आरोपियों की योजना पीड़िता को लोहरदगा ले जाकर हत्या करने की थी, लेकिन इससे पहले ही राँची पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।इधर, मंगलवार को लोहरदगा क्षेत्र में एक नाबालिग के साथ 6 युवकों के सामूहिक दुष्कर्म की घटना के बाद से चर्चा तेज हो गयी है,वहीं पुलिस के त्वरित कार्रवाई से तीन आरोपियों की गिरफ्तारी को लोग सराह रहे हैं।लेकिन महिलाओं में खासकर लड़कियों में भय का माहौल बन गया है।