Lockdown Breaking: लोहरदगा में लॉकडाउन का उलंघन कर मस्जिद में नमाज पढ़ने के मामले में 7 नामजद सहित डेढ़ दर्जन से अधिक अज्ञात पर मामला दर्ज

लोहरदगा। लोहरदगा जिले के सेन्हा प्रखंड मुख्यालय स्थित बड़ी मस्जिद में शुक्रवार को लॉकडाउन के नियमों का उल्लंघन कर लगभग डेढ़ दर्जन लोगों द्वारा जुमे का नमाज पढ़ने के मामले में सेन्हा अंचल अधिकारी के निर्देश पर लगभग डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। कहा गया है कि उक्त मस्जिद में लॉकडाउन के नियमोंका उल्लंघन करते हुए 15-20 लोगों द्वारा जुमा का नमाज पढ़ा गया। इस दौरान नमाज पढ़ने वालों ने सोशल डिस्टेंस यानी शारीरिक दूरी का न तो पालन किया और न ही नमाजियों ने मास्क लगाना जरूरी समझा। ऐसा कर नमाज पढ़ने वालों लॉकडाउन के नियमों का खुला उल्लंघन किया है।

इस लॉकडाउन के उल्लंघन के मामले में सेन्हा के सीओ हरीश चन्द्र मुंडा के निर्देश पर दंडाधिकारी डॉ अभिनव ने 7 लोगों के विरुद्ध नामजद और 12-15 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। डॉ अभिनव के आवेदन पर सेन्हा थाना पुलिस ने कांड संख्या 49/20 में 7 लोगों पर नामजद कांड दर्ज किया गया है।

सेन्हा के सीओ हरीश चन्द्र मुंडा के अनुसार प्रखंड प्रशासन को गुप्त सूचना मिली थी कि 15-20 की संख्या में स्थानीय लोग सेन्हा प्रखंड मुख्यालय स्थित बड़ी मस्जिद में लॉकडाउन का उल्लंघन करते हुए नमाज पढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए जांच कराई गई। इसमें सूचना का सत्यापन हुआ, फिर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई पूरी की गई है। बताया जाता है कि 15-20 की संख्या में समुदाय विशेष के लोग मस्जिद में नमाज अदा कर मुख्य गेट से बाहर निकल रहे थे।

इस दौरान पुलिस बल को देखकर सभी नमाजी इधर-उधर भागने लगे। इस क्रम में मस्जिद के गेट से निकल रहे सात लोगों से पुलिस-प्रशासन द्वारा पूछताछ करने के बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया और उनके विरुद्ध नामजद तथा 12-15 अज्ञात के खिलाफ महामारी अधिनियम, लॉकडाउन उल्लंघन व धारा 144 का उल्लंघन के मामले में सेन्हा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस इस मामले में जांच पड़ताल के साथ आगे की कार्रवाई में जुट गई है।