कोडरमा: तेज रफ्तार में मौत बनकर दौड़ा हाइवा…ऑटो को मारी जोरदार टक्कर, दो की मौत, एक जिंदगी और मौत से जूझ रहा
कोडरमा। कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर शनिवार की सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। डोमचांच थाना क्षेत्र के रायडीह मोड़ के पास तेज रफ्तार हाइवा और ऑटो के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में ऑटो सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।मृतकों की पहचान रामगढ़ निवासी अकबर अली और डोमचांच निवासी जीवन मेहता के रूप में हुई है। वहीं, गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक मो. सलीम तिलैया थाना क्षेत्र के भादोडीह का रहने वाला है।
मिली जानकारी के अनुसार, अकबर अली शुक्रवार शाम मो. सलीम के ऑटो से डोमचांच के रायडीह में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। शनिवार सुबह दोनों ऑटो से गिरिडीह की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में जीवन मेहता भी ऑटो पर सवार हो गए। तीनों अपनी मंजिल की ओर बढ़ रहे थे, तभी रायडीह मोड़ के पास मौत बनकर सामने से आ रहे हाइवा ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
बताया जाता है कि हाइवा नवलशाही से डोमचांच की ओर जा रहा था, जबकि ऑटो डोमचांच से नवलशाही की तरफ बढ़ रहा था। दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत में ऑटो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तीनों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल, कोडरमा पहुंचाया गया। हालांकि, इलाज के दौरान अकबर अली और जीवन मेहता ने दम तोड़ दिया। मो. सलीम की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग, लगा जाम
दो लोगों की मौत की खबर के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। लोगों ने कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम हटाने का प्रयास किया।

