80 हजार की उधारी का ऐसा बदला… पिकअप फूंका, राँची में छिपा आरोपी गिरफ्तार
लातेहार। महज 80 हजार रुपये वापस नहीं मिलने का विवाद इतना बढ़ा कि गुस्से में आकर एक व्यक्ति ने पिकअप वाहन को ही आग के हवाले कर दिया। लातेहार के गारू थाना क्षेत्र के तेतरटोला में हुई इस घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को राँची से गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 24 नवंबर की रात की है। सरयू प्रखंड के तेतरटोला निवासी रामधनी उरांव के पिकअप वाहन (जेएच-03डब्ल्यू-3871) में अज्ञात लोगों ने आग लगा दी थी। वाहन मालिक की शिकायत पर गारू थाना में कांड संख्या 25/26 दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने राँची के रातू रोड स्थित शिव दुर्गा मंदिर लेन के पास छापेमारी कर अशोक कुमार यादव (26) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी चतरा जिले के सराडु, टंडा का रहने वाला है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने पिकअप जलाने की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पेट्रोल की बोतल, माचिस और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया।
80 हजार रुपये बने आग लगाने की वजह
थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा के अनुसार, गिरफ्तार अशोक कुमार यादव ने वाहन मालिक की बहू को 80 हजार रुपये दिए थे। काफी समय बीत जाने के बाद भी जब उसे पैसे वापस नहीं मिले तो वह नाराज हो गया। इसी नाराजगी में उसने बदला लेने के लिए पिकअप वाहन में आग लगा दी। घटना को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। शुक्रवार को उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

