राँची में NCB और पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पिकअप वैन से 2 क्विंटल गांजा जब्त, चालक समेत दो गिरफ्तार

 

 

राँची। राजधानी राँची में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) और पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। देर रात तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास की गई संयुक्त छापेमारी में करीब दो क्विंटल गांजा बरामद किया गया है। इस दौरान तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप वैन को भी जब्त किया गया है। पुलिस और NCB की टीम ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ओडिशा राज्य के रजिस्ट्रेशन नंबर वाली पिकअप वैन में भारी मात्रा में गांजा लोड कर उसकी तस्करी की जा रही थी। इसी दौरान NCB और पुलिस की टीम को गांजे की खेप ले जाए जाने की गुप्त सूचना मिली। सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने तमाड़ थाना क्षेत्र के डोड़ेया मोड़ के पास घेराबंदी कर छापेमारी की। जांच के दौरान पिकअप वैन से करीब 2 क्विंटल गांजा बरामद हुआ।

कार्रवाई के दौरान वाहन चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि गांजे की यह खेप ओडिशा से कहां ले जाई जा रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।

NCB और पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है। साथ ही इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।इस कार्रवाई को राजधानी राँची और आसपास के इलाकों में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

error: Content is protected !!