Lockdown Breaking: कस्तूरबा विद्यालय की छात्रा का शव पेड़ से झूलता मिला, प्रेम-प्रसंग में हत्या की आशंका

पलामू। पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के सिक्की मेराल गांव में बुधवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पाटन के नौवीं कक्षा में पढ़ने वाली सोनम कुमारी नाम की एक नाबालिग छात्रा का शव पेड़ से झूलता मिला। कोरोना वायरस को लेकर देशव्यापी लॉकडाउन के कारण स्कूल बंद कर दिया गया था। इसके बाद वह अपने घर आ गई थी। बताया जा रहा है कि रात में परिजनों को बिना बताए घर से बाहर गयी थी। इसके बाद से उसकी खोजबीन की जा रही थी। खोजबीन के दौरान घर से 8 सौ मीटर दूर नाबालिग लड़की की लाश पेड़ से लटकी मिली।

प्रेम प्रसंग का है मामला, जांच तेज: एसडीपीओ

सूचना मिलने पर जिला मुख्यालय से गए एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने छानबीन शुरू की। एसडीपीओ के अनुसार यह मामला मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि इसमें हत्या हुई है या किशोरी ने आत्महत्या कर ली, पुलिस दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। साथ ही पुलिस द्वारा ऑनर किलिंग की संभावना पर भी फोकस कर जांच किया जा रहा है। किशोरी रात 10 बजे के बाद से घर के सदस्यों को बिना बताए गायब थी। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है।

दादी के साथ सोती थी सोनम

नाबालिग मृतका के परिजनों के अनुसार, लॉकडाउन में सोनम स्कूल से घर आ गई थी। रात में वह अपनी दादी के साथ सोती थी। रात को गायब होने के बाद किसी को यह पता भी नहीं था कि वह कहां गयी? जब सुबह घर के सदस्य जगे तो उन्होंने देखा कि सोनम घर में नहीं है। इसके बाद परिजन परेशान हो गए और उसकी खोजबीन शुरू कर दी। बाद में घर से कुछ दूर शव देखा गया।