Jharkhand:सुदेश महतो ने किया तीसरे मोर्चे का गठन,सरयू राय,अमित यादव और कमलेश सिंह के साथ मिलकर बनाया झारखण्ड लोकतांत्रिक मोर्चा

राँची।गुरुवार (10 मार्च) को देश के 5 राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद शुक्रवार (11 मार्च) को झारखण्ड की राजनीति ने एक बड़ी करवट ली। राज्य के 5 विधायकों ने एक साथ मिलकर झारखण्ड लोकतांत्रित मोर्चा का गठन किया है। इसमें आजसू पार्टी के दो विधायक,एनसीपी के एक विधायक तथा 2 निर्दलीय विधायक शामिल हैं। इस तरह अब आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो, विधायक लंबोदर महतो, एनसीपी विधायक कमलेश सिंह, निर्दलीय विधायक सरयू राय तथा अमित यादव मोर्चा का हिस्सा होंगे। यह मोर्चा सुदेश महतो के नेतृत्व में काम करेगा। इसे जी-5 नाम दिया गया है।

इस सम्बंध में शुक्रवार को मोर्चा की पहली प्रेस वार्ता में सुदेश महतो ने कहा कि अमित यादव इसके मुख्य सचेतक होंगे। विधानसभा में मोर्चा के सभी विधायक एक साथ बैठेंगे। इनके बैठने के लिए अलग व्यवस्था करने की मांग स्पीकर से की जाएगी। इसके लिए सोमवार को मोर्चा का प्रतिनिधिमंडल स्पीकार से मिलेगा। सुदेश महतो ने कहा कि झारखण्ड लोकतांत्रिक मोर्चा एक साथ मिलकर विधानसभा में राज्य हित के सवाल पर अपनी आवाज उठाएगा। मोर्चा के लोगों ने अभी चुनाव एक साथ लड़ने पर कोई निर्णय नहीं किया है।वहीं विधायक सरयू राय ने कहा कि सुदेश महतो अधिकृत तौर पर मोर्चा का नेतृत्व करेंगे।

इधर राजनीतिक विशेषज्ञों की माने तो इस राजनीतिक मोर्चाबंदी से एक साथ कई लक्ष्य को साधने की तैयारी है। इसके तहत अगर यह लोग एक साथ पांच रहेंगे तो सरकार पर दबाव बना सकेंगे। राज्यसभा के चुनाव में इनकी अहम भूमिका होगी। सरयू और सुदेश की जोड़ी अब एक साथ राजनीति में आने से राज्य में नए समीकरण बन सकते हैं।ये देखना है ये मोर्चा कितने दिनों तक साथ रहेंगे और झारखण्ड की राजनीति में क्या कर सकते हैं।यहाँ बता दें आजसू अभी भाजपा की सहयोगी पार्टी है वहीं एनसीपी वर्तमान सरकार को समर्थन दिए हुए हैं।झारखण्ड की राजनीति में जी-5 क्या क्या गुल खिलाएंगे आगे देखते जाइये।