Jharkhand:भूमिगत कोयला खदान में साइड दीवाल गिरने एक मजदूर की मौत,एक घायल

धनबाद/पुटकी।बीसीसीएल के मुनीडीह प्रोजेक्ट के 16 नंबर सीम में मंगलवार रात साइड फॉल होने से 43 वर्षीय ठेका श्रमिक विजय यादव की मौत हो गई। हादसे में 42 वर्षीय ठेका मजदूर निर्मल गोराई गंभीर रूप से जख्मी हो गया। विजय यादव केंदुआ वहीं निर्मल गोराई मुनीडीह के निवासी हैं। मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे द्वितीय पाली में काम के दौरान दुर्घटना हुई। हादसे के बाद विजय यादव और निर्मल गोराई को तत्काल सेंट्रल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां विजय यादव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। निर्मल गोराई की स्थिति भी अत्यंत गंभीर बताई जा रही है।

घटनास्थल पर मौजूद उनके साथी सौरभ सुमन और अभियंता रविकांत सिंह ने बताया कि हम सभी खदान के डी 16 ए बॉटम गेट आरएच(1) में बेल्ट कांटैक्ट का काम कर रहे थे। तभी अचानक साइड फॉल हो गया। उसकी चपेट में विजय यादव एवं निर्मल गोराईं आ गए। दोनों कोयले के मलबे में बुरी तरह दब गए। वहां मौजूद अन्य कर्मियों एवं दूसरे फेस के मजदूर तत्काल जुटे और मलबे में फंसे दोनों मजदूरों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाल स्ट्रेचर के सहारे मुनीडीह क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर स्थिति में धनबाद सेंट्रल अस्पताल रेफर किया गया। सेंट्रल अस्पताल में विजय यादव को मृत घोषित कर दिया गया। दोनों मजदूर मुनीडीह प्रोजेक्ट के अधीनस्थ कार्यरत सिंह एंड संस कंपनी के कर्मी बताए जाते हैं।

घटनास्थल पर करीब आधा दर्जन मजदूर कार्य में जुटे हुए थे। तभी करीब एक मीटर चौड़ा और करीब 15 मीटर लंबा कोयले का मलबा किनारे से गिर गया। वहां कार्य कर रहे तीन अन्य मजदूरों ने किसी तरह भाग कर अपनी अपनी जान बचाई, जबकि दो दब गए।

मुनीडीह के 16 नंबर सीम में कार्य के दौरान साइड फॉल की चपेट में आकर दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिनमें एक की मौत हो गई। दूसरे का इलाज किया जा रहा है।-जेएस महापात्रा, महाप्रबंधक, मुनीडीह क्षेत्र, बीसीसीएल।