Jharkhand:सिंदरी थाना पुलिस ने बच्चे की हत्या करने वाला साइको किलर गुल्लू को गिरफ्तार किया,18 नवम्बर को बच्चे का शव मिला था।

धनबाद।सिदरी के डोमगढ़ निवासी आठ वर्षीय बच्चे शाहिद खान की हत्या के मामले में सिंदरी थाने की पुलिस ने 25 वर्षीय गुल्लू रेड्डी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की माने तो गुल्लू रेड्डी साइको किलर है।बताया जा रहा कि डोमगढ़ ब्लाइंड स्कूल के पीछे 18 नवंबर को झाड़ियों में शाहिद का शव मिला था। वह 12 नवंबर को गायब हो गया था। गुल्लू गलत हरकत करने की मंशा से बच्चे को ले गया था। विरोध करने पर उसने शाहिद की हत्या गला दबाकर कर दी थी।

सिदरी थाना के प्रभारी राजकपूर ने बताया कि गुल्लू क्षेत्र के बीबीजी कैंप बस्ती में मृतक के पिता मोइन खान के पड़ोस में ही रहता था। मोइन 12 नवंबर को बिजली बिल जमा करने जा रहे थे। बाहर शाहिद खेल रहा था। वहां गुल्लू भी था। मोइन ने वहां गुल्लू को शाहिद का ध्यान रखने को कहा और बिजली ऑफिस चले गए। वापस लौटे तो शाहिद गायब था। मोइन का पड़ोस की एक महिला से विवाद हुआ था। उसने उन्हें देख लेने की धमकी दी थी। इसी कारण बच्चे की गुमशुदगी में पहले मोइन का शक उसी महिला पर गया। उन्होंने पुलिस को भी यह बात बताई थी। शाहिद का शव मिलने के बाद जब पुलिस ने खोजबीन की तो महिला के खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिला। इसके बाद मोइन से फिर पूछताछ की गई। तब उन्होंने गुल्लू के बारे में जानकारी दी।

पुलिस ने जब गुल्लू को गिरफ्तार कर उसका आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला तो सबकुछ साफ हो गया। पता चला कि इसके पहले भी वर्ष 2015 में गुल्लू ने बगल की गौशाला ओपी क्षेत्र में चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या कर दी थी। उस समय भी पुलिस ने गुल्लू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। वह हाल ही में जमानत पर रिहा हुआ था। इसके बाद वह लौट कर गौशाला पहुंचा तो लोगों ने उसे वहां से खदेड़ दिया था। तब वह पड़ोस के सिंदरी थाना क्षेत्र के बीबीजी कैंप बस्ती में रहने लगा। वह मजदूरी का काम करता है। वहां उसके अपराध के बारे में लोग नहीं जानते थे। इसी कारण पहले घटना को लेकर उसपर किसी का संदेह नहीं गया था।