Jharkhand:विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो व सांसद सुदर्शन भगत कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं..

राँची।झारखण्ड विधानसभा अध्यक्ष रविन्द्र नाथ महतो कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। शनिवार को जांच रिपोर्ट में उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। ताजा जानकारी के मुताबिक स्‍पीकर राँची के रिम्‍स में इलाज के लिए भर्ती हो गए हैं। उन्‍हें तमाम सुरक्षात्‍मक उपायों के साथ पेइंग वार्ड में रखा गया है।

विधानसभाध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो व सांसद सुदर्शन भगत कोरोना संक्रमित

विधानसभा अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो तथा लोहरदगा से लोकसभा सदस्य सुदर्शन भगत कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सर्दी-खांसी, बुखार की शिकायत पर दोनों ने दो दिन पूर्व कोरोना की जांच कराई थी,जिसमें शनिवार को रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कोरोना संक्रमित होने के बाद विधानसभाध्यक्ष जहां रिम्स के पेइंग वार्ड में भर्ती हो गए हैं वहीं, सुदर्शन भगत राँची में ही होम आइसोलेशन में हैं। सुदर्शन भगत के एक-एक सुरक्षा कर्मी तथा चालक भी संक्रमित मिले हैं।

इधर, राज्य में शनिवार को कुल 13,790 लोगों की कोरोना जांच हुई, जिनमें 236 संक्रमित पाए गए। इनमें आधे से अधिक कुल 125 संक्रमित केवल राँची में मिले। यहां लगातार चौथे दिन सौ से अधिक नए संक्रमित मिले हैं। अन्य जिलों की बात करें तो राँची के बाद पूर्वी सिंहभूम में 30 तथा धनबाद में 21 नए संकमित मिले। राज्य के सात जिले चतरा, गढ़वा, गिरिडीह, जामताड़ा, पाकुड़, साहिबगंज तथा सिमडेगा में कोई संक्रमित नहीं मिला। अन्य जिलों में दस से कम संख्या में ही संक्रमित मिले हैं। इधर, राज्य में 24 घंटे के भीतर 205 मरीज स्वस्थ भी हुए। वहीं, धनबाद तथा राँची में एक-एक मरीज की मौत इलाज के क्रम में हो गई। नए संक्रमित की पहचान होने तथा पुराने मरीजों के स्वस्थ होने के बाद राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 1,474 हो गए हैं।