जामताड़ा:अनियंत्रित ट्रैक्टर तालाब में पलटा…दबने से चालक की दर्दनाक मौत

 

जामताड़ा।झारखण्ड के जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के चंपापुर गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौके पर ही मौत हो गई।जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात करीब 1:00 बजे एक खाली ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर तालाब के पास पलट गया, जिससे चालक की घटनास्थल पर ही जान चली गई।हादसे के बाद मौके पर आसपास के ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। वहीं, शुक्रवार अहले सुबह मृतक के परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

मृतक की पहचान धनबाद जिले के टुंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत लोधरिया निवासी हंसराज रजवार (35 वर्ष) के रूप में हुई है।बताया जाता है कि हंसराज रजवार मूल रूप से नारायणपुर थाना क्षेत्र के पांडेडीह गांव का निवासी था।वह लंबे समय से लोधरिया में रहकर ट्रैक्टर चलाने का काम करता था।मृतक के परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना के बाद इलाके में कई तरह की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।स्थानीय लोग दबी जुबान में बताते हैं कि रात के अंधेरे में लोधरिया, टुंडी और आसपास के सीमावर्ती गांवों से ट्रैक्टर चंपापुर, बूटबेरिया, चितामी और दूधपनिया तक आते-जाते रहते हैं। इन ट्रैक्टरों के जरिए बालू,कोयला और लकड़ी के अवैध कारोबार की बात भी सामने आ रही है।

error: Content is protected !!